Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

नक्सलियों ने की शिक्षक समेत 2 ग्रामीणों की हत्या

February 20, 2025

नक्सलियों ने की शिक्षक समेत 2 ग्रामीणों की हत्या

दंतेवाड़ा : Chhattisgarh के दंतेवाड़ा जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने एक स्थानीय शिक्षक समेत दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोड़मा गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने बामन कश्यप (29) और अनीस राम पोयाम (38) की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बुधवार रात नक्सलियों का एक दल दंतेवाड़ा बीजापुर जिले की सीमा पर बसे गांव तोड़मा में प्राथमिक शाला के शिक्षादूत (स्थानीय शिक्षक) बामन कश्यप और ग्रामीण अनीस राम के घर पहुंचा और दोनों को अपने साथ जंगल की ओर ले गया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में नक्सलियों ने दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गांव के करीब फेंक दिया। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने दोनों पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को गांव के लिए रवाना किया गया है।

पहले भी हुई कई हत्या

राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सली पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाकर ग्रामीणों की हत्या कर देते हैं। इससे पहले दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने चार फरवरी को पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में 30 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी थी। वहीं, तीन फरवरी की रात में नक्सलियों ने पड़ोसी बीजापुर जिले में दो लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें से एक उनका पूर्व सहयोगी था। नक्सलियों ने 26 जनवरी को बीजापुर के भैरमगढ़ इलाके में 41 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी थी। उस पर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के बारे में सूचना देने का आरोप लगाया गया था। नक्सलियों ने 16 जनवरी को बीजापुर के मिरतुर इलाके में पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में 48 वर्षीय शख्स का कत्ल कर दिया था।

पिछले साल 68 नागरिक मारे गए

पुलिस के अनुसार, दंतेवाड़ा सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में नक्सली हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में पिछले साल 68 नागरिक मारे गए थे। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र समेत राज्य के 43 विकास खंडों में बृहस्पतिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का दूसरा चरण हो रहा है। चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, दूसरे चरण में 26,988 वार्ड पंच, 3,774 सरपंच, 899 जनपद पंचायत सदस्य और 138 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान हो रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें