Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Champions Trophy IND vs PAK: पाकिस्तान हारा तो टूर्नामेंट से हो सकता है बाहर, भारत लेगी 2017 फाइनल का बदला

February 23, 2025

Champions Trophy IND vs PAK: पाकिस्तान हारा तो टूर्नामेंट से हो सकता है बाहर, भारत लेगी 2017 फाइनल का बदला

Champions Trophy IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के लिए चैंपियंस ट्रॉफी का यह संस्करण बिल्कुल अलग जा रहा है। पाकिस्तान को जहां पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी, तो भारत ने प्रतियोगिता का अभियान बांग्लादेश के खिलाफ जीत के साथ किया।

पाकिस्तान के लिए हालात ऐसे हैं कि जिस आईसीसी टूर्नामेंट के लिए उन्होंने करीब तीन दशकों का इंतजार किया, उसी इवेंट से उनपर महज चार दिनों में बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। उसपर से उनके इनफ़ॉर्म और अकेले दम पर मैच का पासा पलटने वाले खब्बू बल्लेबाज फखर जमान भी प्रतियोगिता से चोट की वजह से बाहर हो गए हैं।

2017 फाइनल का बदला लेने पर नजर

परेशानियों से जूझ रहे पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया – 8 साल पहले इंग्लैंड में पाकिस्तान के हाथों मिली चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल की हार का बदला लेने के फिराक में होगी। भारत के लिए राहत की बात यह भी है कि उस फ़ाइनल में मैच के हीरो रहे जमान अब प्रतियोगिता से ही बाहर हैं।

बांग्लादेश के खिलाफ भारत की गेंदबाजीऔर बल्लेबाजी दोनों में अच्छी परीक्षा रही थी। जहां एक समय अक्षर हैट्रिक के करीब थे तो मोहम्मद शमी ने भी पांच विकेट हॉल के साथ अपनेआईसीसी प्रेम को जारी रखा था। हालांकि विराट कोहली का सस्ते में आउट होना भारत को खला जरूर होगा, लेकिन शुभमन गिल की निरंतरता और रोहित शर्मा के आक्रामक इंटेट से हौसले बुलंद होंगे।

दुबई की धीमी पिच पाकिस्तान के लिए एक और इम्तिहान लेकर आएगी, जो उन्होंने खुद ही किया है। पाकिस्तान के दल में एकमात्र विशेषज्ञ स्पिनर अबरार अहमद ही हैं, इसके अलावा सलमान आगा और खुशदिल शाह के तौर पर स्पिन का विकल्प जरूर है लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ यह दोनों ही कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे।

दुबई की पिच पर एक बार फिर टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कर सकती है, क्योंकि एक तो जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा पिच और धीमी होती जाएगी। साथ ही साथ दुबई में जल्दी मैच शुरू होने की वजह से यहां ओस का असर भी बेहद कम दिखाई देगा।

भारतीय XI

भारतीय अंतिम एकादश में कोई बदलाव हो, इसकी संभावना बेहद कम है क्योंकि अर्शदीप सिंह की जगह मिले मौके को हर्षित राणा ने दोनों हाथों से लपका था। कुलदीप यादव भले ही विकेट नहीं निकाल पाए थे लेकिन उनकी जगह वरुण चक्रवर्ती को XI में खिलाया जाए, इसकी संभावना न के ही बराबर है।

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जाडेजा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव

पाकिस्तान XI

जमान की जगह दल में बाएं हाथ के ओपनर इमाम-उल-हक को शामिल किया गया है लेकिन उनके पास उस्मान खान का भी विकल्प है जो अब तक वनडे अंतर्राष्ट्रीय नहीं खेले हैं। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि इमाम-उल-हक की ही वापसी होगी। इमाम-उल-हक ने आखिरी बार पाकिस्तान के लिए वनडे विश्व कप 2023 में वनडे खेला था।

इमाम-उल-हक, बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान (कप्तान और विकेटकीपर), सऊद शकील, सलमान आगा, तैयब ताहिर, खुशदिल शाह, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद, हारिस रउफ

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें