Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायल ने लेबनान-सीरिया सीमा को बनाया निशाना, हिजबुल्लाह पर हथियार तस्करी का आरोप

February 23, 2025

इजरायल ने लेबनान-सीरिया सीमा को बनाया निशाना, हिजबुल्लाह पर हथियार तस्करी का आरोप

यरूशलम: इजरायल ने एक बार फिर लेबनान-सीरिया सीमा क्रॉसिंग पर हमला किया है। इजरायली सेना ने शनिवार को एक बयान में कहा कि उसने सीरिया और लेबनान के बीच सीमा क्रॉसिंग पर हवाई हमले किए हैं। हिजबुल्लाह इस क्रॉसिंग का इस्तेमाल लेबनान में हथियारों की तस्करी के लिए कर रहा है।

इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने दावा किया कि हिजबुल्लाह ने अवैध रूप से हथियारों को स्थानांतरित करने के प्रयास में क्रॉसिंग का इस्तेमाल किया है। इस तरह की गतिविधियां इजरायल और लेबनान के बीच 27 नवंबर, 2024 से प्रभावी युद्धविराम समझौतों का उल्लंघन हैं। साथ ही, उन्होंने हिजबुल्लाह को ‘आतंकवादी संगठन’ करार दिया है।

आईडीएफ ने कहा है कि वह इजरायल के लिए खतरों को बेअसर करने का काम जारी रखेगा। ब्रिटेन स्थित युद्ध निगरानी संस्था सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि इजरायली हमलों ने लेबनान की सीमा के पास सीरिया के बीहड़ कलामौन क्षेत्र स्थित इलाकों को निशाना बनाया। निगरानी संस्था ने इन स्थलों को सीरिया से लेबनान में हिजबुल्लाह के कथित हथियारों के हस्तांतरण के लिए ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण बताया।

फिलहाल, इजरायल के हमले में अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं मिली है। सीरियाई या लेबनानी अधिकारियों या फिर हिजबुल्लाह की ओर से कोई आधिकारिक बयान भी नहीं आया है। इससे पहले, फरवरी में इजरायली सेना ने पूर्वी और दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।

इजरायली सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि एक इजरायली विमान ने पूर्वी लेबनान के बेका क्षेत्र में हिजबुल्लाह द्वारा हथियारों के हस्तांतरण के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक भूमिगत सुरंग पर हमला किया था, जो सीरिया से लेबनानी क्षेत्र तक फैली हुई थी। इस क्षेत्र को पहले भी इजरायली बलों द्वारा निशाना बनाया गया था।
प्रवक्ता ने ये भी कहा कि इजरायली वायुसेना ने दक्षिणी लेबनान में उन स्थानों पर भी हमला किया, जहां ‘खतरा पैदा करने वाले हथियार और रॉकेट लांचर रखे हुए थे।

ये भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में एक घर में भीषण धमाका, 5 लोगों की मौत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें