Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

OBC व्यक्ति को नग्न कर बदन के पार्ट को जलाया, एक आरोपी गिरफ्तार

March 5, 2025

OBC व्यक्ति को नग्न कर बदन के पार्ट को जलाया, एक आरोपी गिरफ्तार

Maharashtra Crime : महाराष्ट्र के जालना जिले में एक विवाद में दो भाइयों द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से ताल्लुक रखने वाले एक व्यक्ति को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और गर्म छड़ से दागने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना पिछले सप्ताह हुई जिसके कुछ क्लिप सोशल मीडिया पर आए हैं।

घटना से आक्रोश फैल गया और कुछ ओबीसी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया तथा फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पिछले सप्ताह महाशिवरात्रि के अवसर पर वह यहां भोकरदन तहसील के जानेफल गांव में एक मंदिर में पूजा करने के लिए जा रहा था, तभी दो लोगों ने उसे रोका और उसके साथ झगड़ा करने लगे। उनके बीच पहले से कोई विवाद था।

कुछ क्लिप सोशल मीडिया पर

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी पीड़ित को जबरन मंदिर के रसोईघर में ले गए, उसके कपड़े उतार दिए और उसकी जांघों, पेट और घुटनों पर गर्म छड़ लगाई। पाराध पुलिस थाने के निरीक्षक संतोष माने ने बताया कि दागे जाने से व्यक्ति गंभीर रूप से जल गया, उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि एक आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके भाई की तलाश जारी है। घटना के कुछ क्लिप सोशल मीडिया पर आए हैं।

ओबीसी कार्यकर्ता लक्ष्मण हाके और दीपक बोरहाड़े तथा प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी के स्थानीय पदाधिकारियों ने मंगलवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया। बोरहाड़े ने मंगलवार को कहा कि यह अमानवीय कृत्य है और पुलिस को फरार आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए, साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें