Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab के गांव से 23 किलो हेरोइन बरामद, तस्कर की तलाश

March 5, 2025

Punjab के गांव से 23 किलो हेरोइन बरामद, तस्कर की तलाश

Punjab Heroin Smuggling : पंजाब के अमृतसर के एक गांव से पुलिस ने 23 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, मादक पदार्थ की इस खेप का संबंध अमेरिका के एक तस्कर द्वारा संचालित तस्करी के नेटवर्क से है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सीमा पार से तस्करी को बड़ा झटका देते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने जंडियाला के देवीदासपुरा गांव से 23 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। यह खेप अमेरिका में मौजूद तस्कर जसमीत सिंह उर्फ, लक्की द्वारा संचालित तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हुई है।’’

डीजीपी ने कहा कि देवीदासपुरा निवासी साहिलप्रीत सिंह उर्फ करण ने यह खेप प्राप्त की है और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीम सक्रियता से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जंडियाला थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।’’

जसमीत सिंह का आपराधिक इतिहास

पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), बॉर्डर रेंज, सतिंदर सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर (ग्रामीण) मनिंदर सिंह के साथ संवाददाताओं को बताया कि पुलिस टीम को एक विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि आरोपी ने सीमा पार से हेरोइन की एक खेप हासिल की है। अमृतसर के जंडियाला पुलिस थाने की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खुफिया अभियान संचालित किया और 23 पैकेट हेरोइन बरामद की। प्रत्येक का वजन एक किलोग्राम था। इन्हें देवीदासपुरा में जूट के बैग में रखा गया था।

डीआईजी ने कहा कि जांच में पाया गया कि गिरफ्तार आरोपी अमेरिका के तस्कर जसमीत सिंह उर्फ, लकी से सीधे संपर्क में था, जिसने इस खेप का इंतजाम किया था। पंजाब पुलिस के एक बयान के अनुसार जसमीत सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हथियार अधिनियम और हत्या के प्रयास से संबंधित मामले दर्ज हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें