Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

JP नड्डा ने तेलंगाना MLC चुनाव में BJP की जीत पर दी बधाई, कहा- निर्माण की दिशा में एक और कदम

March 6, 2025

JP नड्डा ने तेलंगाना MLC चुनाव में BJP की जीत पर दी बधाई, कहा- निर्माण की दिशा में एक और कदम

JP Nadda Congratulat BJP : नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को तेलंगाना विधानपरिषद चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को मिली जीत पर बधाई दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि मलका कोमारैया और अंजी रेड्डी को विधानपरिषद चुनाव में मिली जीत पर बधाई।

उन्होंने अपने पोस्ट में दोनों नेताओं को जनता की तरफ से मिले समर्थन का जिक्र किया। कहा कि भाजपा को लोगों से मिला भारी समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकास-संचालित शासन के दृष्टिकोण में उनके विश्वास को दर्शाता है। यह जीत समृद्ध तेलंगाना के निर्माण की दिशा में एक और कदम है। उन्होंने आगे कहा कि तेलंगाना के लोगों को उनके समर्थन के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं और मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए धन्यवाद देता हूं।

इससे पहले पांच मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विधानपरिषद चुनाव में भाजपा नेताओं को मिली जीत पर बधाई दी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि मैं तेलंगाना की जनता को भाजपा को एमएलसी चुनावों में इतना बड़ा समर्थन देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हमारे नवनिर्वाचित उम्मीदवारों को बधाई। मुझे अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है जो लोगों के बीच बहुत लगन से काम कर रहे हैं।

बता दें कि तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी को झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मेडक-निजामाबाद-आदिलाबाद-करीमनगर स्नातक क्षेत्र की एमएलसी सीट पर कब्जा कर लिया। भाजपा के उम्मीदवार चिन्नामेल अंजी रेड्डी ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वी. नरेंद्र रेड्डी को 5,000 से ज्यादा वोटों से हराया। अंजी रेड्डी को 97,880 वोट मिले, जबकि नरेंद्र रेड्डी दूसरे स्थान पर रहे। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार प्रसन्ना हरिकृष्ण तीसरे स्थान पर रहे।

इस चुनाव में 56 उम्मीदवार थे, जिनमें से 53 पहले ही दौर में बाहर हो गए थे। यह चुनाव 27 फरवरी को हुआ था। चुनाव की मतगणना में एक दिन से ज्यादा समय लगा, क्योंकि मतपत्र बड़े आकार के थे और बहुत से अवैध मत भी मिले थे। डाले गए कुल 2,52,100 वोटों में से लगभग 28,000 अवैध घोषित किए गए थे। इस चुनाव में तीन एमएलसी सीटों में से दो पर भाजपा ने जीत हासिल की।

मेडक-निजामाबाद-आदिलाबाद-करीमनगर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के समर्थन वाले मलका कोमारैया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीआरटीयू (टीएस) के वांगा महेन्द्र रेड्डी को 5,700 से अधिक पहले वरीयता वोटों के अंतर से हराया था। पीआरटीयू (टीएस) ने वारंगल-खम्मम-नलगोंडा सीट पर जीत दर्ज की, जहां उनके उम्मीदवार पी. श्रीपाल रेड्डी ने दूसरे वरीयता वोटों में जीत हासिल की। उन्हें 13,969 वोट मिले, जबकि यूटीएफ के मौजूदा एमएलसी नरसी रेड्डी दूसरे स्थान पर रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें