Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मध्यप्रदेश में ट्रक और एसयूवी की भीषण टक्कर में 7 लोगों की मौत, 14 घायल

March 10, 2025

मध्यप्रदेश में ट्रक और एसयूवी की भीषण टक्कर में 7 लोगों की मौत, 14 घायल

Madhya Pradesh : सीधी जिले में ट्रक और एसयूवी की भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी है। बता दें कि जिले में सोमवार तड़के एक ट्रक और स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सीधी-बहरी रोड पर उपनी पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 2.30 बजे हुआ।

9 लोगों को रीवा रेफर किया गया

पुलिस उपाधीक्षक गायत्री तिवारी ने बताया कि एक परिवार के सदस्यों को लेकर एसयूवी मैहर की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक सीधी से बहरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान उपनी पेट्रोल पंप के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया, इस दुर्घटना में एसयूवी में सवार सात लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य लोग घायल हो गए हैं। नौ घायलों को आगे के इलाज के लिए पड़ोसी जिले रीवा में रेफर कर दिया गया है जबकि अन्य का सीधी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है तथा आगे की जांच की जा रही है।

सीएम मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया

सीएम मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, सीधी जिले अंतर्गत उपनी गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मैहर माता के दर्शन करने जा रहे यात्री वाहन और ट्रक की भयानक टक्कर में यात्रियों की असामयिक दर्दनाक मृत्यु का अत्यंत ही दुखद समाचार मिला है। मेरी गहरी शोक संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। देर रात जिला एवं पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों के इलाज का इंतजाम किया, साथ ही गंभीर घायल यात्रियों को रीवा रेफर किया गया है।

सहायता राशि दिए जाने का किया ऐलान

मुख्यमंत्री ने आगे अपनी पोस्ट में लिखा, “सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं। भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। ॐ शांति।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें