Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए बुरी खबर! IPL 2025 के शुरूआती मैचों से बाहर हुआ ये स्टार गेंदबाज 

March 15, 2025

मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए बुरी खबर! IPL 2025 के शुरूआती मैचों से बाहर हुआ ये स्टार गेंदबाज 
Mumbai Indians : जसप्रीत बुमराह के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के शुरुआती दौर के मैचों में नहीं खेलने की संभावना है क्योंकि मुंबई इंडियंस का यह स्टार तेज गेंदबाज अब भी पीठ के निचले हिस्से की चोट से उबर रहा है जिसके कारण वह जनवरी से ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर हैं। बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जनवरी में सिडनी में खेले गए पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन चोटिल हो गए थे और वह दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर पाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने उस मैच में छह विकेट से जीत हासिल की थी।
बुमराह ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए खेली गई इस श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 विकेट लिए थे लेकिन इसके बाद वह कोई मैच नहीं खेल पाए। चोटिल होने के कारण वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भी भाग नहीं ले पाए थे जिसमें भारतीय टीम चैंपियन बनी थी। इस तेज गेंदबाज को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए शुरुआती टीम में चुना गया था लेकिन फिटनेस हासिल नहीं कर पाने के कारण उन्हें अंतिम टीम में नहीं रखा गया।
इस घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र में पीटीआई से कहा, ‘‘उनकी चोट से उबरने की प्रगति अच्छी है, लेकिन जून में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की टेस्ट श्रृंखला को देखते हुए, इस स्तर पर उन्हें पूर्ण फिटनेस हासिल करने के लिए कुछ और समय देना बेहतर होगा।’’ IPL 22 मार्च से 25 मई तक खेला जाएगा। यह भी पता चला है कि बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के फिजियो ने उनके लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए कोई विशेष समय सीमा तय नहीं की है, भले ही बुमराह नेट्स और मैच की तरह की परिस्थितियों में अपना कार्यभार लगातार बढ़ा रहे हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए बुमराह का IPL के शुरुआती दौर में नहीं खेल पाना बड़ा झटका है। उनकी अनुपस्थिति में हार्दिक पंड्या की अगुवाई वाली टीम को तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, कॉर्बिन बॉश और दीपक चाहर पर काफी हद तक निर्भर रहना होगा।
मुंबई की टीम 23 मार्च को चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और 29 मार्च को गुजरात टाइटंस का सामना करने के लिए अहमदाबाद जाएगी। इसके बाद वह कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 31 मार्च को अपने घरेलू मैदान पर मैच खेलेगी। वह चार अप्रैल को लखनऊ सुपर जॉइंट्स और सात अप्रैल को रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु का सामना करेगी।
बुमराह की इन सभी मैच में खेलने की संभावना नहीं है, हालांकि वह अप्रैल के पहले सप्ताह में टीम के साथ जुड़ सकते हैं। इस बीच संजू सैमसन ने ऊंगली की सजर्री के बाद रिकवरी प्रक्रिया पूरी कर ली है । राजस्थान रॉयल्स के कप्तान को इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू T20 श्रृंखला के दौरान चोट लगी थी। संजू को अगर विकेटकीपिंग की अनुमति नहीं मिलती है तो ध्रुव जुरेल टीम के लिये आईपीएल में यह काम कर सकते हैं ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें