Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

झगड़ा सुलझाने गए ASI पर धारदार हथियार से हमला, हुई मौत

March 15, 2025

झगड़ा सुलझाने गए ASI पर धारदार हथियार से हमला, हुई मौत

ASI Attacked with Weapon : बिहार के अररिया में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा किए गए हमले में एक पुलिस अधिकारी की मौत की घटना का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि लोगों ने मुंगेर जिले में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि नंदलालपुर के पास दो पक्ष आपस में किसी बात को लेकर मारपीट कर रहे हैं। इसी सूचना पर 112 वाहन पर तैनात एएसआई संतोष कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। इस दौरान झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश कर ही रहे थे कि एक व्यक्ति ने तेज धार हथियार से उन पर हमला कर दिया। एएसआई वहीं गिर गए।

आनन-फानन में घायल पुलिस अधिकारी संतोष कुमार को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार कर उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के क्रम में शनिवार को उनकी मौत हो गई।

घटना के संबंध में मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मुफस्सिल थाना की डायल 112 पर सूचना आई कि नंदलालपुरा गांव में दो परिवारों के बीच मारपीट हो रही है। इसी मामले में एएसआई वहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इलाज के क्रम में पटना के एक निजी अस्पताल में एएसआई संतोष कुमार की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बताया गया कि मृतक कैमूर जिले के रहने वाले थे। दो दिन पहले बिहार के अररिया जिले में एक पुलिस पदाधिकारी की ग्रामीणों के साथ हुई झड़प में मौत हो गई। पुलिस टीम एक गांव में अपराधियों को पकड़ने के लिए गई थी, इसी क्रम में हुई झड़प में पुलिस अधिकारी गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें