कैनवेरल : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के लंबे समय से फंसे अंतरिक्ष यात्रियों बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स के स्थान पर अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को तैनात करने के लिए एक दिन पहले रवाना हुआ ‘स्पेसएक्स’ का यान रविवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच गया। इसके साथ ही विलियम्स और विल्मोर की वापसी का रास्ता साफ हो गया।
ISS पहुंचे 4 नए अंतरिक्ष यात्री
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे चार नए अंतरिक्ष यात्री अमेरिका, जापान और रूस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे कुछ दिन विलियम्स और विल्मोर से स्टेशन के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। माना जा रहा है कि अगर मौसम सही रहा तो दोनों फंसे अंतरिक्ष यात्रियों को अगले सप्ताह फ्लोरिडा के तट के निकट जलक्षेत्र में उतारा जाएगा। विल्मोर और विलियम्स बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल से पांच जून को केप कैनवेरल से रवाना हुए थे।
#WATCH अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 9 महीने से फंसे अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स धरती पर वापस लौटेंगे।
अंतरिक्ष यात्रियों को घर वापस लाने की योजना के तहत एक नया दल लेकर स्पेसएक्स रॉकेट अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंच गया है। अंतरिक्ष… pic.twitter.com/jKNTVmo81U
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2025
नौ माह से अंतरिक्ष स्टेशन में फंसे हुए
दोनों एक सप्ताह के लिए ही गए थे लेकिन अंतरिक्ष यान से हीलियम के रिसाव और वेग में कमी के कारण ये लगभग नौ माह से अंतरिक्ष स्टेशन में फंसे हुए हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र से रवाना हुए अंतरिक्ष यात्रियों के नए दल में नासा से ऐनी मैक्लेन और निकोल एयर्स शामिल हैं।
वे दोनों सैन्य पायलट हैं। इनके अलावा जापान के ताकुया ओनिशी और रूस के किरिल पेस्कोव भी रवाना हुए हैं और दोनों विमानन कंपनियों के पूर्व पायलट हैं। ये चारों लोग विल्मोर और विलियम्स के धरती के लिए रवाना होने के बाद अगले छह महीने अंतरिक्ष स्टेशन में बिताएंगे, जिसे सामान्य अवधि माना जाता है।