Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Gold Prices: सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी जारी, 91000 रुपए के पार निकला, जानें चांदी के रेट

March 18, 2025

Gold Prices: सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी जारी, 91000 रुपए के पार निकला, जानें चांदी के रेट

बिजनेस डेस्क: विदेशों में मजबूत रुख के बीच स्टॉकिस्टों और खुदरा विक्रेताओं की सतत लिवाली से मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 500 रुपए की तेजी के साथ 91,250 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।

सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली इस बहुमूल्य धातु की कीमत 1,300 रुपए की तेजी के साथ 90,750 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंची थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 450 रुपए बढक़र 90,800 रुपए प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर जा पहुंचा जो इससे पहले कल 90,350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, सोने ने मंगलवार को बढ़त जारी रखी और अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ घरेलू बाजार में भी नया रिकॉर्ड बनाया।

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों, अमेरिकी मंदी की आशंकाओं और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण सुरक्षित निवेश के लिए सोना एक आकर्षक विकल्प बना हुआ है।’’ इसके अलावा, हाल ही में कमजोर अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़े ने भी उम्मीदों को बल दिया है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल कई बार ब्याज दरों में कटौती करेगा, जिससे सोने को और समर्थन मिलेगा। हालांकि, चांदी की कीमतें 1,02,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं, जो इसका ऐतिहासिक उच्चस्तर है।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष जतीन त्रिवेदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में अस्थिरता, चीन की अतिरिक्त आíथक प्रोत्साहन योजनाओं के साथ मिलकर, सोने की सुरक्षित मांग को और बढ़ा रही है। वैश्विक मोर्चे पर, हाजिर सोना बढक़र 3,028.49 डॉलर प्रति औंस के नए उच्चस्तर पर पहुंच गया। इसी तरह, कॉमेक्स सोना वायदा बढक़र 3,037.26 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड शिखर पर पहुंच गया। अबंस फाइनेंशियल र्सिवसेज लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) चिंतन मेहता ने कहा, ‘‘अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी की बढ़ती आशंकाओं के कारण सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं, निवेशक आगे की स्पष्टता के लिए फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें