Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

खुफिया विभाग की नाकामी को दर्शाती है नागपुर हिंसा : रोहित पवार

March 19, 2025

खुफिया विभाग की नाकामी को दर्शाती है नागपुर हिंसा : रोहित पवार

Nagpur Violence : नागपुर हिंसा को लेकर महाराष्ट्र में सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इस मुद्दे पर अब एनसीपी (एसपी) नेता और विधायक रोहित पवार की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कहा कि घटना पूर्व नियोजित थी और अगर यह सच है, तो यह खुफिया विभाग की नाकामी को दर्शाता है।

एनसीपी (एसपी) नेता और विधायक रोहित पवार ने कहा, ‘विधानसभा में मुख्यमंत्री आमतौर पर बयान देते हैं। लेकिन कल कुछ अलग ही चीज देखने को मिली। इस बार पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बात की, फिर उनके बाद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने अपनी बात रखी। दोनों ने कहा कि यह घटना पहले से सुनियोजित थी। अगर यह सच है, तो यह खुफिया विभाग की नाकामी को दर्शाता है। मुझे लगता है कि अगर महाराष्ट्र में इंटेलिजेंस फेलियर होने लगा तो कल राज्य में कुछ भी बड़ा हो सकता है या किसी की जान जाती है तो उसका जिम्मेदार कौन होगा।‘

उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा मानना है कि पहले मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को यह बात बतानी चाहिए कि नागपुर हिंसा को लेकर खुफिया विभाग फेल था या नहीं! साथ ही इस हिंसा में शामिल दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।‘

रोहित पवार ने कहा, ‘औरंगजेब की शैली ताकतवर लोगों का समर्थन करने की थी, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज बिना किसी भेदभाव के समाज को ऊपर उठाने में विश्वास रखते थे, जिसका हम पालन करते हैं। अगर शासन के तरीकों की तुलना करें, तो यह सरकार सिर्फ ठेकेदारों के लिए लगती है और आम आदमी के लिए कुछ नहीं कर रही। इसलिए, शासन के तरीके से इस सरकार की तुलना औरंगजेब के शासन से की जा सकती है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें