Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल पुलिस हिरासत में, मीटिंग के बाद लौट रहे थे खनौरी बॉर्डर

March 19, 2025

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल पुलिस हिरासत में, मीटिंग के बाद लौट रहे थे खनौरी बॉर्डर

Farmer leader Jagjit Singh Dallewal police custod; पंजाब डेस्क: शंभू और खनौरी बॉर्डर पर फसलों की एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की कानूनी गारंटी को लेकर चल रहे किसान आंदोलन में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को हिरासत में लिया। डल्लेवाल मंगलवार को चंडीगढ़ में केंद्रीय सरकार के साथ हुई बैठक में शामिल हुए थे। बैठक खत्म होने के बाद जब वह चंडीगढ़ से खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।

बैठक के बाद शंभू बॉर्डर जा रहे थे किसान नेता 
इसके अलावा, किसान मजदूर मोर्चे के नेता सरवन सिंह पंधेर को भी पुलिस ने डिटेन किया। पंधेर चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों से बैठक के बाद शंभू बॉर्डर के लिए जा रहे थे, जब मोहाली पुलिस ने उन्हें बनूड में डिटेन कर लिया। उनके साथ तीन से चार अन्य किसान नेता भी थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बनूड पुलिस लाइन में ले जाया।

 

किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की
बनूड पुलिस थाने के पास मोहाली जिले की पूरी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। किसानों के धरने को लेकर संभावना है कि पुलिस आज शंभू बॉर्डर पर लगाए गए धरने को उठवा सकती है। किसान नेताओं की गिरफ्तारी के बाद धरनाकारी किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दे रही है।

इंटरनेट सेवा बंद
शंभू और खन्नौरी बॉर्डर के आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि पंजाब पुलिस इन दोनों विरोध स्थलों से प्रदर्शनकारियों को हटा सकती है। प्रदर्शन स्थल के आसपास भारी पुलिस तैनात की गई है। बताते चलें कि, शंभू और खनौरी सीमा चौकियों के पास संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा पिछले साल फरवरी से आंदोलन कर रहे हैं।

बेनतीजा रही बैठक
इससे पहले, किसानों की विभिन्न मांगों पर चर्चा के लिए चंडीगढ़ में किसान नेताओं और केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के बीच नये दौर की बैठक बेनतीजा रही। हालांकि वार्ता में शामिल केंद्रीय मंत्रियों ने किसानों के हितों को सवरेपरि बताया। तीन घंटे से अधिक समय तक चली बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा ‘‘बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। चर्चा सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से हुई। बातचीत जारी रहेगी। अगली बैठक चार मई को होगी।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें