Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुनीता विलियम्स के धरती पर लौटने की खुशी में उनके पैतृक गांव में जश्न का माहौल

March 19, 2025

सुनीता विलियम्स के धरती पर लौटने की खुशी में उनके पैतृक गांव में जश्न का माहौल

मेहसाणा : नासा की अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स के धरती पर लौटने पर बुधवार सुबह गुजरात के मेहसाणा जिले में उनके पैतृक गांव में जश्न का माहौल रहा। झूलासन के सभी लोग टैलीविजन पर इस घटना का सीधा प्रसारण देखने के लिए गांव के मंदिर में एकत्र हुए। सभी की निगाहें सुनीता की सुरक्षित वापसी पर टिकी थीं। सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्षयात्रियों को लेकर कैप्सूल रूपी यान जैसे ही उतरा, ग्रामीणों ने आतिशबाजी शुरू कर दी और ‘हर हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए हर कोई झूमने लगा। गांववाले सुनीता की सुरक्षित वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए मंदिर में ग्रामीणों ने यज्ञ किया और प्रार्थना की। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने सुनीता की सुरक्षित वापसी के लिए मंदिर में अखंड ज्योति जलाई।

लगभग 9 माह तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रहने के बाद जब सुनीता की वापसी जल्द होने की खबर आई तो तभी से झूलासन में उत्साह का माहौल बना हुआ था। उनके नजदीकी रिश्तेदार नवीन पांड्या ने कहा कि गांव के लोगों ने सुनीता की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना की और अखंड ज्योति जलाई। उन्होंने कहा कि गांववालों ने उनके सम्मान में एक भव्य जुलूस की योजना बनाई है। गांव में दीपावली और होली जैसा उत्साह बनाने के लिए प्रार्थना सभा होगी और आतिशबाजी की जाएगी।

पांड्या ने कहा कि गांव के स्कूल से मंदिर तक जुलूस निकाला जाएगा जिसमें छात्र भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जुलूस के मंदिर पहुंचने के बाद अखंड ज्योति को विर्सिजत कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांववाले सुनीता को झूलासन में आमंत्रित करने के लिए उत्सुक हैं। सुनीता विलियम्स कम से कम तीन बार भारत की यात्र पर आ चुकी हैं। वह 2007 और 2013 में अंतरिक्ष मिशन के बाद भारत आई थीं। उन्हें 2008 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। उनके पिता दीपक पांड्या मूल रूप से झूलासन से थे और 1957 में अमरीका चले गए थे। झूलासन प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य विशाल पांचाल ने कहा कि बुधवार के जश्न के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।

ये भी पढ़ें- ‘हालात पूरी तरह बदल चुके है, ईरान के पास कोई विकल्प नहीं बचा: ट्रंप

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें