Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

AAP की PAC बैठक में बड़े फैसले, मनीष सिसोदिया देखेंगे पंजाब, गोपाल राय की जगह सौरभ भारद्वाज को दिल्ली का जिम्मा

March 21, 2025

AAP की PAC बैठक में बड़े फैसले, मनीष सिसोदिया देखेंगे पंजाब, गोपाल राय की जगह सौरभ भारद्वाज को दिल्ली का जिम्मा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए सौरभ भारद्वाज को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा है। पार्टी ने उन्हें पूर्व मंत्री और बाबरपुर से विधायक गोपाल राय के स्थान पर दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पार्टी ने दो राज्यों में अध्यक्ष और चार राज्यों में पार्टी प्रभारियों की नियुक्ति की है। आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक में ये निर्णय लिया गया है। बता दें कि दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष में बदलाव ऐसे वक्त में हुआ है जब राजधानी में आप को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट चुनाव से लड़ा था। लेकिन, उन्हें भाजपा की शिखा राय के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। दिल्ली विधानसभा में आप को 22 सीटों पर जीत मिली। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 48 सीटों के साथ 27 साल बाद राज्य में सरकार बनाने में सफल रही। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने गोपाल राय को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया है, वहीं दुर्गेश पाठक को सह प्रभारी का जिम्मा दिया गया है।

पार्टी ने पंजाब की जिम्मेदारी दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को दी है। उन्हें राज्य प्रभारी का जिम्मा सौंपा है, जबकि सह प्रभारी सत्येंद्र जैन को नियुक्त किया है। आम आदमी पार्टी ने पंकज गुप्ता को गोवा का प्रभारी और अंकुश नारंग, आभास चंदेला और दीपक सिंगला को सह प्रभारी बनाया है।

वहीं पार्टी ने राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में आम आदमी पार्टी ने मेहराज मलिक को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। बता दें कि मेहराज मलिक घाटी में आप के इकलौते विधायक हैं।

दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने सौरभ भारद्वाज को दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। साथ ही गोपाल राय को गुजरात का प्रभारी और दुर्गेश पाठक को सह-प्रभारी बनने पर बधाई दी। उन्होंने पंकज गुप्ता को गोवा का प्रभारी बनने पर और राष्ट्रीय संगठन मंत्री संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ का विशेष प्रभार मिलने पर भी बधाई दी।

पंजाब प्रभारी नियुक्त होने के बाद मनीष सिसोदिया का पहला बयान आया सामने

पंजाब के प्रभारी के रूप में अपनी नियुक्ति पर AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, “… AAP की तरफ से अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के प्रभारी के रूप में काम करने का आदेश दिया है। मैं पिछले कुछ दिनों के अनुभव से कह सकता हूं कि पंजाब के लोगों ने 3 साल पहले जिस तरह अरविंद केजरीवाल को मौका दिया था, उसके बाद से ही पंजाब में बहुत काम हुए हैं… पंजाब के इतिहास में इतने काम पहले कभी नहीं हुए थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बहुत अच्छे काम किए हैं… पंजाब में AAP के प्रभारी के रूप में मेरी कोशिश यही रहेगी कि पंजाब के लोग एक बदलता हुआ पंजाब देख सकें…”

ये भी पढ़ें- फिल्मी जगत को लगा बड़ा झटका, आशा भोसले के बाद इस मशहूर एक्टर का भी हुआ निधन

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें