Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

अहमदाबाद के पास बुलेट ट्रेन परियोजना स्थल पर दुर्घटना, कई ट्रेनें रद्द

March 24, 2025

अहमदाबाद के पास बुलेट ट्रेन परियोजना स्थल पर दुर्घटना, कई ट्रेनें रद्द

अहमदाबाद : अहमदाबाद के निकट बुलेट ट्रेन परियोजना स्थल पर निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सेगमेंटल लॉंन्चिग गैंट्री दुर्घटनावश अपनी जगह से हट गया जिसकी वजह से समीपवर्ती रेलवे लाइन पर कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने बताया कि यह हादसा रविवार रात करीब 11 बजे वटवा में हुआ।

हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ और न ही पहले से बने हुए ढांचे को कोई नुकसान पहुंचा। अहमदाबाद रेलवे मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के कारण कम से कम 25 ट्रेनों को रद्द कर दिया है तथा 15 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया। इसके अलावा, पांच ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित किया गया और छह ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित रेलवे लाइन से ‘गैंट्री’ हटाने का प्रयास जारी है ताकि ट्रेनों की आवाजाही बहाल की जा सके। एनएचएसआरसीएल के एक अधिकारी ने बताया कि क्रेनों की मदद से रेलमार्गो की बहाली का कार्य किया जा रहा है। एनएचएसआरसीएल के बयान के अनुसार, कल रात करीब 11 बजे वटवा (अहमदाबाद के पास) में निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रही एक सेगमेंटल लॉंन्चिग गैंट्री, कंक्रीट गर्डर लॉंन्चिग पूरी करने के बाद पीछे हट रही थी। इसी दौरान हादसा हुआ।

कुछ अन्य ट्रेनों को किया पुनर्निर्धारित

बयान में आगे कहा गया, इस घटना से पास की रेलवे लाइन प्रभावित हुई है। एनएचएसआरसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और बने हुए ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

अहमदाबाद रेलवे मंडल के एक अधिकारी के अनुसार, इस घटना से वटवा और अहमदाबाद स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर रेल यातायात प्रभावित हुआ। रद्द की गई ट्रेनों में वटवा-बोरीवली एक्सप्रेस, अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस, वडोदरा-वटवा इंटरसिटी, अहमदाबाद-वलसाड गुजरात क्वीन, जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी, वडनगर-वलसाड-वडनगर एक्सप्रेस और वटवा-आनंद मेमू शामिल हैं। अहमदाबाद-मजीठिया चेन्नई सेंट्रल हमसफर एक्सप्रेस, राजकोट-सिकंदराबाद एक्सप्रेस और कुछ अन्य ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें