Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Budget 2025: 300 यूनिट तक फ्री बिजली की सुविधा जारी रहेगी, वित्त मंत्री ने किए कई बड़े ऐलान

March 26, 2025

Punjab Budget 2025: 300 यूनिट तक फ्री बिजली की सुविधा जारी रहेगी, वित्त मंत्री ने किए कई बड़े ऐलान

पंजाब डेस्क: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को विधानसभा में साल 2025-26 का बजट पेश किया। इस बजट का कुल आकार 2 लाख 36 हजार करोड़ रुपए है। चीमा ने बताया कि राज्य सरकार ने पावर सेक्टर को सुधारने के लिए कई प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आज भी याद करते हैं कि पहले कांग्रेस और बीजेपी-अकाली सरकारों के समय पावर कट्स की समस्या कितनी बढ़ी हुई थी, और किसानों को रातभर खेतों में पानी देने के लिए उठना पड़ता था। लेकिन अब मान सरकार ने इस क्षेत्र में बदलाव लाया है।

मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी
चीमा ने कहा कि मान सरकार ने पंजाब के पावर सेक्टर में बड़ी क्रांति की है। 3 साल में पंजाब को “बत्ती गुल” से “बत्ती फुल” बना दिया है। अब राज्य के 90 फीसदी परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल रही है, जिससे लोगों का आर्थिक बोझ कम हुआ है। इस बजट में पावर सेक्टर के लिए 7713 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, जिससे मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी।

PSPCL का ग्रेड B से A में अपग्रेड हुआ
पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने सेवाओं में सुधार किया है और अब यह देश में 7वें स्थान पर है। पिछले साल PSPCL का ग्रेड B से A में अपग्रेड हुआ है। इसके अलावा, 78 सालों बाद पंजाब के कई गांवों में स्ट्रीट लाइट्स नहीं थी, अब मुख्यमंत्री स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 2.5 लाख स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी।

सभी लोगों को सेहत कार्ड मिलेगा
इसके अलावा, स्वास्थ्य बीमा स्कीम के तहत 778 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इस योजना के तहत सभी लोगों को सेहत कार्ड मिलेगा, जिससे वे सरकारी और निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपए तक के इलाज का लाभ उठा सकेंगे। राज्य में पहली बार ‘ड्रग जनगणना’ होगी, जिसके लिए 150 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 5 करोड़ रुपए मिलेंगे
‘डायल 112’ सेवा को और मजबूत बनाने के लिए 758 चार-पहिया और 916 दो-पहिया वाहन खरीदे जाएंगे, जिससे सेवा का रिस्पांस टाइम 8 मिनट तक कम हो जाएगा। ‘फरिश्ते योजना’ के तहत दुर्घटना पीड़ितों के इलाज और वित्तीय सहायता के लिए 10 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा, रंगला पंजाब विकास योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 5 करोड़ रुपए मिलेंगे, जिससे राज्य का समग्र विकास होगा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें