Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले में चल रही गाड़ी पलटी, 3 पुलिसकर्मी घायल

April 5, 2025

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले में चल रही गाड़ी पलटी, 3 पुलिसकर्मी घायल

नेशनल डेस्क: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के काफिले में चल रहे जिला पुलिस के वाहन का एक्सीडेंट हो गया, जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब केंद्रीय मंत्री भोपाल से देवास जिले के खातेगांव संदलपुर जा रहे थे। दुर्घटना आष्टा थाना क्षेत्र के ग्राम बेदाखेड़ी हाईवे पर हुई।

गाड़ी पलटने से तीन पुलिसकर्मी घायल
दुर्घटना में घायल पुलिसकर्मियों के नाम एसपी सिमोलिया, नीरज शुक्ला और आकाश अटल हैं। एसपी सिमोलिया को सीने में चोटें आई हैं, जबकि बाकी दो पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सीहोर भेजा गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खातेगांव में बीजेपी के दिवंगत नेता शंभुकुमार बाकलीवाल के परिजनों से मिलकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के पीड़ित परिवारों से मिले केंद्रीय मंत्री
इसके बाद, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुजरात के बनासकांठा जिले में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में मारे गए मध्य प्रदेश के नागरिकों के परिवारों से भी मिले। उन्होंने पकंज सांकलिया के माता-पिता से मुलाकात की, जो इस हादसे में मारे गए थे। इस विस्फोट में 21 लोगों की जान गई थी, जिसमें से अधिकांश लोग मध्य प्रदेश के थे।

मुआवजे का ऐलान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी इस हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायल कर्मचारियों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस हादसे में मारे गए 18 लोगों का अंतिम संस्कार गुरुवार (3 अप्रैल 2025) को देवास के नेमावर घाट पर किया गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि कई शवों के चीथड़े उड़ गए, जिसके कारण उनकी पहचान करने में वक्त लग गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें