Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘ऑपरेशन डॉन 2.0’ को मिली बड़ी सफलता, सरकारी कार्यालय से हेरोइन जब्त कर कर्मचारी को किया गिरफ्तार

April 8, 2025

‘ऑपरेशन डॉन 2.0’ को मिली बड़ी सफलता, सरकारी कार्यालय से हेरोइन जब्त कर कर्मचारी को किया गिरफ्तार

अरुणाचल प्रदेश : ईटानगर पुलिस ने मादक पदार्थ विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन डॉन 2.0’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार को यहां सचिवालय परिसर से एक संदिग्ध मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 44.36 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ईटानगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि व्यक्ति वर्तमान में राज्य बागवानी विभाग में ‘मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद पर कार्यरत है और जब्त की गई हेरोइन का बाजार मूल्य करीब 3.7 लाख रुपये है। यह मामला तब प्रकाश में आया जब सचिवालय के एक कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी कि सुरक्षाकर्मियों ने मादक पदार्थ के संदिग्ध एक तस्कर को ब्लॉक तीन की तीसरी मंजिल पर स्थित ‘बाथरूम’ में बंद कर दिया है। एसपी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति कथित तौर पर उच्च सुरक्षा वाले सरकारी परिसर में मादक पदार्थ बेचने का प्रयास कर रहा था।

खिड़की के पीछे प्रतिबंधित सामग्री छिपाई

उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) केंगो दिर्ची और पुलिस के अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। सिंह ने बताया कि संदिग्ध यहां गोम्पा मंदिर के पास जीरो प्वाइंट में रहता है और मूल रूप से असम के तिनसुकिया जिले के मार्गेरिटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोरगोलाई मिलन नगर निवासी है।

एसपी ने बताया, ‘प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट ओली कोयू (एनडीपीएस) की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक की आठ शीशियां और तंबाकू का एक डिब्बा मिला, जिसमें हेरोइन, इस्तेमाल की गई चार सीरिंज और 32,760 रुपये नकद बरामद किए गए।’’ सिंह के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बाथरूम की खिड़की के पीछे प्रतिबंधित अतिरिक्त सामग्री छिपाई गई थी, जिससे संदिग्ध के पास से हेरोइन की 18 शीशियां और तीन कैंचियां बरामद हुईं। एसपी ने बताया कि स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें