Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिडनी में बढ़ा लीजियोनेयर्स का प्रकोप…स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्ट

April 10, 2025

सिडनी में बढ़ा लीजियोनेयर्स का प्रकोप…स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्ट

Legionnaires’ Disease : आस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मध्य सिडनी में लीजियोनेयर्स रोग के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है। एनएसडब्ल्यू स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि लीजियोनेयर्स रोग के पुष्ट मामलों वाले पांच लोगों ने अपने संपर्क अवधि के दौरान सिडनी के सीबीडी का दौरा किया था।

मिली जानकारी के अनुसार, चेतावनी में कहा गया है कि 30 मार्च से 4 अप्रैल के बीच पांच लोग मध्य सिडनी में थे और इस दौरान उनमें इस बीमारी के लक्षण दिखे। इसमें कहा गया है कि संक्रमण का कोई ‘एकल स्रोत’ नहीं पहचाना गया है, तथा यह संभव है कि ये मामले ‘असंबंधित’ हों, लेकिन संभावित स्रोतों की जांच जारी है।

लीजियोनेयर्स रोग निमोनिया का एक प्रकार है जो लीजिओनेला बैक्टीरिया के कारण होता है। यह प्राकृतिक रूप से ताजे पानी में पाया जाता है। लक्षण आमतौर पर 2-10 दिनों के बीच विकसित होते हैं और शुरुआत में इसमें सिरदर्द, बुखार और हल्की खांसी शामिल हो सकती है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, इस रोग से मृत्यु दर सामान्यतः 5-10 प्रतिशत के बीच होती है, लेकिन उपचार न कराए जाने पर प्रतिरक्षा-दमित रोगियों में यह दर 80 प्रतिशत तक हो सकती है।

एनएसडब्ल्यू हेल्थ ने कहा कि बैक्टीरिया एयर कंडीशनिंग कूलिंग टावरों, स्पा, शॉवर हेड्स और अन्य जल स्रोतों को दूषित कर सकता है। इसमें कहा गया है, “बाहर घूमने वाले या वाहनों के पास से गुजरने वाले लोग, यदि एरोसोलयुक्त दूषित पानी में सांस लेंगे, तो वे भी इसके संपर्क में आ सकते हैं।”

इसने एनएसडब्ल्यू के डॉक्टरों को सलाह दी कि वे लगातार लक्षण दिखाने वाले मरीजों के लिए लीजियोनेयर्स रोग को निदान के रूप में लें, विशेष रूप से उन लोगों के लिए जो लक्षण विकसित होने से 10 दिन पहले सिडनी सीबीडी की यात्रा कर चुके हों।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें