लुधियाना: आतंकी गुरपतवंत पन्नू की धमकी के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर आ गई है। पन्नू ने 14 अप्रैल को लुधियाना को विशेष तौर पर टारगेट करने की धमकी दी तो एडीजीपी समेत पुलिस के तमाम अफसर शुक्रवार देर रात लुधियाना की सड़कों पर घूमते रहे। एडीजीपी ट्रैफिक एएस राय के नेतृत्व में लुधियाना पुलिस ने शहर के अलग-अलग 12 संवेदनशील प्वाइंट्स पर नाके लगाए और संदिग्ध वाहनों की जांच की। एडीजीपी एएस राय व पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने पुलिस के आला अफसरों के साथ लुधियाना रेलवे स्टेशन के बाहर विशेष नाकेबंदी की और इसी दौरान एडीजीपी ने रेलवे स्टेशन के अंदर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
लुधियाना पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने शाम चार बजे से ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में नाकेबंदी करवा दी थी।
शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस के नाके लगाए गए थे। देर शाम रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस ने सघन चैकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने अपने मोबाइल एप्प के जरिए हर जाने-वाले संदिग्ध व्यक्तियों की वैरिफिकेशन भी की। एडीजीपी एएस राय ने बताया कि पूरे पंजाब में शुक्रवार रात को नाइट डोमिनैंस ड्राइव चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस के सीनियर अधिकारियों को फील्ड में उतारा गया है और हर संदिग्ध वाहन व व्यक्ति की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लुधियाना में 12 नाकों पर एसीपी स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है। 240 पुलिस मुलाजिम इन नाकों पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एडीसीपी व उससे ऊपर के अधिकारियों को भी नाकों पर चैकिंग करने के लिए भेजा गया है। नाके रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक रहेंगे।