Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

UPI Down: देशभर में फिर डाउन हुई UPI सर्विस, यूजर्स को ट्रांजैक्शन करने में हो रही परेशानी

April 12, 2025

UPI Down: देशभर में फिर डाउन हुई UPI सर्विस, यूजर्स को ट्रांजैक्शन करने में हो रही परेशानी

नेशनल डेस्क: अगर आप Google Pay, PhonePe, Paytm जैसे ऐप से ऑनलाइन पेमेंट करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। आज यानी शनिवार को फिर से UPI (यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस) की सर्विस कुछ समय के लिए बंद हो गई, जिससे लाखों लोगों को पैसे भेजने और डिजिटल पेमेंट करने में दिक्कत आई। यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि उन्हें पेमेंट करने में दिक्कत आ रही है। किसी का पैसा कट गया लेकिन सामने वाले तक नहीं पहुंचा, तो किसी का पेमेंट फेल हो गया।

इस परेशानी की पुष्टि डाउनडिटेक्टर नाम की वेबसाइट ने भी की, जो इंटरनेट सर्विस में आने वाली दिक्कतों को ट्रैक करती है। वेबसाइट के अनुसार, दोपहर 12 बजे के आसपास UPI की सर्विस में दिक्कत शुरू हुई और 12:30 तक 1800 से ज्यादा लोगों ने Google Pay, PhonePe, Paytm और SBI जैसे ऐप्स से पेमेंट ना होने की शिकायत की।

डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार:
– 66% यूजर्स को सामान्य डिजिटल पेमेंट में परेशानी हुई
– 34% यूजर्स को पैसे ट्रांसफर करने में दिक्कत आई

पेमेंट करने में हो रही दिक्कत 
इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से लोग न तो दुकान पर स्कैन करके पेमेंट कर पाए, न ही ऑनलाइन बिल भर सके और न ही किसी को पैसा भेज सके। अभी तक NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया), जो UPI की सेवा को चलाता है, की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है कि दिक्कत क्यों आई और कितनी देर में ठीक होगी।

26 मार्च को हुआ था आउटेज 
यह पहली बार नहीं है जब UPI सर्विस बंद हुई हो। इससे पहले 26 मार्च को भी इसी तरह का आउटेज हुआ था, हालांकि तब कुछ ही समय में सर्विस दोबारा शुरू कर दी गई थी। आज की इस परेशानी से एक बात साफ है कि UPI हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, और जब इसमें गड़बड़ी होती है तो लाखों लोग प्रभावित होते हैं। उम्मीद है कि NPCI जल्द ही इस समस्या का समाधान करेगा और ऐसी दिक्कतें बार-बार न आएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें