Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की हुई जोरदार टक्कर, दो लोगों की मौत, 15 घायल

April 12, 2025

उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की हुई जोरदार टक्कर, दो लोगों की मौत, 15 घायल

Uttar Pradesh Accident : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर एक डबल डेकर बस और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार आधी रात के करीब जिले के कैंट थाना क्षेत्र के विक्रमजोत क्रॉसिंग के पास हुई।

बस-ट्रक की जोरदार टक्कर

पुलिस ने बताया कि गोरखपुर की ओर से आ रहा एक ट्रक विक्रमजोत चौराहे पर संतोष कुमार की दुकान के पास खराब हो गया। ट्रक खराब हो जाने के बाद चालक ने ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद गोरखपुर से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने ट्रक के पिछले हिस्से में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस ने बताया कि ट्रक और बस के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री बस के अंदर ही उछल गए और कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। विक्रमजोत चौकी प्रभारी रितेश सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को विक्रमजोत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई।

पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में बिहार और राजस्थान के बच्चों और बुजुर्गों समेत 15 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों में बिहार के गोपालगंज, सीवान, मोतिहारी और अन्य जिलों के अलावा राजस्थान के भी कुछ लोग शामिल हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अयोध्या के दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों में से सात की हालत गंभीर है। पुलिस ने पुष्टि की है कि टक्कर के कारण दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, हालांकि अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें