Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

अनुराग ठाकुर बोले- विकसित भारत बनाने में युवा निभाएंगे बड़ी भूमिका, विपक्ष पर साधा निशाना

April 12, 2025

अनुराग ठाकुर बोले- विकसित भारत बनाने में युवा निभाएंगे बड़ी भूमिका, विपक्ष पर साधा निशाना

नेशनल डेस्क: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि युवा न केवल भारत का भविष्य हैं, बल्कि वर्तमान भी हैं और वे 2047 तक विकसित भारत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

भाजपा सांसद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भी कहा था कि मुझे 100 ऊर्जावान युवा दे दो, मैं भारत की तकदीर-तस्वीर बदल दूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि एक लाख से ज्यादा युवाओं को राजनीतिक प्रणाली में आना चाहिए। युवाओं के आने से राजनीति को बहुत बड़ा बल मिलेगा। देश की तकदीर-तस्वीर बदलने का अवसर मिलेगा। दूसरी तरफ हमारे युवा वो भी हैं जिन्होंने स्टार्टअप में इतना बढ़िया काम किया है कि उन्होंने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना दिया है।

विपक्ष पर साधा निशाना
अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘कुछ राजनीतिक दलों ने धारा 375 और 35ए का विरोध किया और डर पैदा किया। फिर, उन्होंने ट्रिपल तलाक के बारे में भय और भ्रम फैलाया। सीएए के बारे में भय और भ्रम फैलाया कि मुसलमानों को देश से निकाल दिया जाएगा। राम मंदिर मुद्दे पर डर फैलाया, कहा कि इससे हिंदू और मुसलमानों के बीच तनाव पैदा होगा। इन सभी मामलों में विपक्ष गलत साबित हुआ है। विपक्ष ने तुष्टिकरण की राजनीति की।‘

घुसपैठियों को देती है शरण ममता बनर्जी
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने भय और भ्रम फैलाकर देशवासियों को बांटने का प्रयास किया। कभी उत्तर दक्षिण के नाम पर, कभी जाति और धर्म के नाम पर विपक्ष आखिर कब तक इतनी घटिया राजनीति करता रहेगा। अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश के बॉर्डर को सील करने के लिए पिछले 10 सालों से जमीन नहीं दी, ताकि वहां पर फेंसिंग (बाड़बंदी) करवाई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम ममता बनर्जी बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण देती हैं।

वे क्यों मुस्लिम महिलाओं का भला नहीं चाहते?
इसके अलावा भाजपा सांसद ने कहा कि कुछ लोगों ने वक्फ की जमीन पर कब्जा कर रखा है। लाखों-करोड़ों की संपत्ति को अपनी जागीर बना रखा है। अनुराग ठाकुर ने सीएम ममता बनर्जी और विपक्ष के नेताओं से सवाल किया कि वे क्यों मुस्लिम महिलाओं का भला नहीं चाहते? ममता बनर्जी क्यों मुस्लिम तलाकशुदा महिलाओं, मुस्लिम बेटियों, मुस्लिम बच्चों का भला नहीं चाहतीं? क्यों वह मुस्लिम समुदायों के लिए उस जमीन पर स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सटिी, मेडिकल कॉलेज अस्पताल बनवाना नहीं चाहतीं? उन्होंने पूछा कि क्यों गिने-चुने लोगों के हाथ में दो लाख करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है?

मस्जिद-मदरसे पर कोई खतरा नहीं
भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार चाहती है कि वक्फ की जमीन उन लोगों के काम आए जो मुस्लिम समुदाय से हैं, जिनका भला हो। किसी मस्जिद-मदरसे और कब्रिस्तान पर कोई खतरा नहीं है। सरकार कुछ नहीं कर रही। यदि किसी ने जमीन पर नाजायज कब्जा कर रखा है तो उन्हें बताना पड़ेगा कि ये कैसे वक्फ की जमीन है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें