Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mumbai-Nagpur हाईवे पर यात्रियों से भरी बस और ईंट से भरी मेटाडोर में हुई भीषण टक्कर… 4 की मौत 20 घायल

April 15, 2025

Mumbai-Nagpur हाईवे पर यात्रियों से भरी बस और ईंट से भरी मेटाडोर में हुई भीषण टक्कर… 4 की मौत 20 घायल

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यह हादसा मुंबई-नागपुर हाईवे नंबर-53 पर उस वक्त हुआ, जब एक यात्री बस और ईंटों से भरी एक मेटाडोर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

आमसरी गांव के पास हुई टक्कर

आपको बता दें कि यह सड़क हादसा नांदुरा तहसील के आमसरी गांव के पास घटा, जहां पर मध्यप्रदेश परिवहन की एसटी बस नागपुर की ओर जा रही थी। उसी समय सामने से आ रही एक ईंट से लदी मेटाडोर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मेटाडोर में बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक यात्री की भी जान चली गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मेटाडोर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह टूट गया।

घायलों का इलाज जारी…

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को फौरन पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, उन्हें खामगांव के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है। घायलों में कुछ यात्री ऐसे हैं जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

राहत कार्य में जुटी पुलिस… 

पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे की वजह से मुंबई-नागपुर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ, जिसे बाद में धीरे-धीरे बहाल किया गया। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुलढाणा में हुई यह दुर्घटना न केवल चार लोगों की जिंदगी लील गई, बल्कि कई परिवारों को गहरे सदमे में भी डाल गई है। घायलों के ठीक होने की दुआ के साथ, यह ज़रूरी है कि ऐसे हादसों से सबक लिया जाए और सड़क पर चलते समय सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और जल्द ही यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि गलती किसकी थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें