नेशनल डेस्क : देश के सरकारी बैंकों को ₹13,860 करोड़ का चूना लगाकर फरार हुआ हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी आखिरकार बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इतने बड़े घोटाले के बाद उससे यह पैसा वसूल किया जा सकेगा? क्या उसके पास इतनी संपत्ति बची है कि बैंकों को उनका नुकसान लौटाया जा सके? आइए जानते है इस तमाम प्रश्नों के जवाब…
ED को मेहुल की संपत्तियों से बड़ी उम्मीद
आपको बता दें कि जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को लगता है कि मेहुल चोकसी के पास अभी भी घोटाले की रकम से कहीं ज्यादा की संपत्ति हो सकती है। यही वजह है कि ईडी ने दुनिया के 10 देशों में फैली उसकी संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए इन देशों की सरकारों को पत्र लिखकर संपत्तियां सीज करने की अपील भी की गई है।
किन-किन देशों में फैली है मेहुल की संपत्ति?
ED ने हांगकांग, सिंगापुर, थाईलैंड, अमेरिका, बेल्जियम, चीन, इटली, जापान, यूके और यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) जैसे देशों को 15 से ज्यादा औपचारिक अनुरोध (रोज़) भेजे हैं। इन पत्रों में मेहुल चोकसी और उसके गीतांजलि ग्रुप से जुड़ी संपत्तियों, कंपनियों, बैंक खातों और अन्य आर्थिक जानकारियों की मांग की गई है। थाईलैंड, अमेरिका, जापान और यूएई को भेजे गए पत्रों में खासतौर पर ₹85 करोड़ की संपत्तियों को फौरन जब्त करने के लिए कहा गया है।
अब तक कितनी वसूली हो पाई है?
ED अब तक इस घोटाले में ₹2,566 करोड़ की वसूली के आदेश प्राप्त कर चुकी है। इसके साथ ही करीब ₹1,968 करोड़ की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। इनमें शामिल हैं:
वसूली आसान नहीं, कई देशों से लेनी होगी इजाजत
भले ही ईडी ने पूरी ताकत से कार्रवाई शुरू कर दी हो, लेकिन यह काम इतना आसान नहीं है। दूसरे देशों में मौजूद संपत्तियों को जब्त करने के लिए उन देशों की सरकारों की अनुमति जरूरी है। यह एक लंबी और कानूनी प्रक्रिया होती है, जिसमें समय लग सकता है।
क्या मेहुल का भारत प्रत्यर्पण संभव है ?
भारत सरकार ने बेल्जियम से मेहुल चोकसी को भारत लाने (प्रत्यर्पण) की कोशिशें शुरू कर दी हैं। इस संबंध में बेल्जियम सरकार से बातचीत जारी है। अगर प्रत्यर्पण सफल होता है, तो न केवल वसूली की संभावना बढ़ेगी, बल्कि मेहुल को भारतीय अदालतों के सामने भी पेश किया जा सकेगा।
मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी से भारत के बैंकों को अपना पैसा वापस मिलने की एक नई उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन यह रास्ता काफी लंबा और जटिल होगा। ईडी ने कार्रवाई की शुरुआत कर दी है, अब देखना यह है कि क्या विदेशों में मौजूद संपत्तियों को जब्त कर भारत लौटाया जा सकेगा और क्या मेहुल को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा?