नेशनल डेस्क : आजकल आधार कार्ड लगभग हर सरकारी और गैर-सरकारी काम में सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। बैंक अकाउंट खोलने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक, हर जगह आधार कार्ड की जरूरत होती है। लेकिन अगर आपके आधार में कोई गलती हो गई है या आपको जानकारी अपडेट करनी है, तो इसके लिए कुछ नियम हैं। UIDAI (यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने आधार कार्ड में बदलाव करने के लिए सीमाएं निर्धारित की हैं। आइए जानते हैं कि आप कितनी बार अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
अगर आपके आधार कार्ड में नाम गलत छपा है या आप शादी के बाद अपना उपनाम बदलना चाहते हैं, तो आपको इसे सिर्फ दो बार बदलने का मौका मिलेगा। इस बदलाव के लिए आपको वैध दस्तावेज़ जैसे पैन कार्ड, पासपोर्ट या विवाह प्रमाण पत्र दिखाना होगा। इसलिए, नाम बदलते वक्त एक बार अच्छे से सोच लें, क्योंकि इसके बाद दोबारा बदलाव नहीं हो सकेगा।
UIDAI केवल एक बार आपकी जन्मतिथि (Date of Birth) को अपडेट करने की अनुमति देता है। यदि आपके आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत है, तो इसे सुधारने के लिए आपको जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज़ दिखाने होंगे। एक बार सुधार हो जाने के बाद, आप अपनी जन्मतिथि को फिर से बदलने का अनुरोध नहीं कर सकते।
अगर आपने नया घर लिया है या कहीं और शिफ्ट हो गए हैं और आधार कार्ड में पता (Address) अपडेट करना है, तो अच्छी बात यह है कि आप कितनी बार चाहें अपना एड्रेस बदल सकते हैं। इसके लिए आपको बिजली का बिल, पानी का बिल, या किराए का एग्रीमेंट जैसे दस्तावेज़ दिखाने होंगे। यह बदलाव आप ऑनलाइन या आधार सेवा केंद्र जाकर भी कर सकते हैं।
यदि आपके आधार में लिंग (Gender) गलत दर्ज है, तो आप इसे केवल एक बार ही बदल सकते हैं। इसके लिए आपको एक प्रमाण देना होगा और एक बार बदलाव होने के बाद दोबारा यह संशोधन नहीं किया जा सकता।
आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक होना अनिवार्य है, क्योंकि OTP आधारित सेवाओं के लिए यह जरूरी होता है। खुशखबरी यह है कि आप कितनी बार चाहें अपना मोबाइल नंबर बदल सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें, यह बदलाव केवल आधार सेवा केंद्र पर जाकर ही किया जा सकता है। ऑनलाइन या किसी अन्य माध्यम से यह अपडेट नहीं किया जा सकता।
आधार कार्ड में किसी भी तरह का बदलाव करने के लिए आपको वैलिड दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होंगे। कुछ मामलों में आपको ओरिजिनल डॉक्युमेंट्स भी दिखाने पड़ सकते हैं। आप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से आधार कार्ड अपडेट कर सकते हैं।
आधार कार्ड में जरूरी बदलाव करने की प्रक्रिया अब काफी आसान हो चुकी है, लेकिन इसके लिए कुछ सीमाएं भी निर्धारित की गई हैं। इसलिए, नाम, जन्मतिथि या लिंग में बदलाव करते वक्त ध्यान रखें कि यह बदलाव केवल एक या दो बार किया जा सकता है। वहीं, एड्रेस और मोबाइल नंबर में बदलाव की प्रक्रिया सरल और लचीली है, जिससे आपको परेशानी नहीं होगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...