Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

राहुल ने लोकतंत्र का अपमान, देशद्रोह किया : भाजपा

April 21, 2025

राहुल ने लोकतंत्र का अपमान, देशद्रोह किया : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय चुनाव आयोग को ‘‘कॉम्प्रोमाइज्ड’’ बताये जाने को भारत के लोकतंत्र का अपमान और देशद्रोह करार दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने सोमवार को पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने अमेरिका में भारतीय चुनाव आयोग को ‘‘कॉम्प्रोमाइज्ड’’ बताने के लिए राहुल गांधी की जमकर आलोचना की। डॉ. पात्रा ने कहा कि अमेरिका में राहुल गांधी ने देश के चुनाव आयोग को ‘‘कॉम्प्रोमाइज्ड’’ बता कर भारत के महान लोकतंत्र का अपमान किया हैं। राहुल गांधी देशद्रोही हैं, केवल इसलिए नहीं कि वह विदेशों में जाकर देश की संवैधानिक संस्थानों का अपमान करते हैं, बल्कि नेशनल हेराल्ड के माध्यम से उन्होंने देश की करोड़ों रुपए की संपत्ति का गबन किया है। गांधी बताएं कि क्या झारखंड विधानसभा चुनाव, प्रियंका गांधी के उपचुनाव और अयोध्या की सीट पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को ‘‘कॉम्प्रोमाइज’’ किया था? डॉ. पात्रा ने कहा कि आज सुबह से मुख्य रूप से दो खबरें सुर्खियों में हैं। पहली खबर यह है कि गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर वही कर रहे हैं जो वह वर्षों से करते आ रहे हैं, भारत की छवि को नुकसान पहुँचाना और देश का अपमान करना। इस बार उन्होंने अमेरिका में भारत को बदनाम किया है। यह कोई नई बात नहीं है, न ही पहली बार है। दूसरी बड़ी खबर यह है कि कांग्रेस पार्टी के कई बड़े नेता आज से देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य केवल सोनिया-राहुल को बचाना है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों को अपनी चार्जशीट में नामित किया है। कोर्ट में अगली सुनवाई 25 तारीख को है, दोनों के जेल जाने की संभावनाएं भी हैं और जाना भी चाहिए। जब देश को लूटा गया है, तो कानून के अनुसार जेल की सजा भी भुगतनी चाहिए। ऐसे में कांग्रेस पार्टी पूरे देश में एक प्रकार का अशांत वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि गांधी ने एक बार फिर अमेरिका जाकर भारत के निर्वाचन आयोग को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्हें गलतफहमी है कि लोग उनकी बातों का विश्वास करेंगे, क्योंकि भ्रष्टाचार के मामले में वह खुद और उनकी माताश्री 50-50 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत लेकर बाहर हैं। वर्ष 2018 में मां-बेटे को नेशनल हेराल्ड केस में 50-50 हजार रुपये की निजी मुचलके पर जमानत दी गई थी, तब मां-बेटे जश्न मनाते हुए पार्टी कार्यालय पहुंचे थे, जो सिर्फ ‘भ्रष्टाचार का जश्न’ था। एक बार फिर कांग्रेस पार्टी वैसी ही खुशी मनाने की कोशिश कर रही है।

डॉ. पात्रा ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गाँधी और गाँधी ने ‘यंग इंडिया’ नाम की एक कंपनी बनाई। इस कंपनी में दोनों के पास 76 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अब इस यंग इंडिया नाम की एक कागजी कंपनी ने मात्रा 50 लाख रुपये में नेशनल हेराल्ड की होल्डिंग कंपनी ‘एजेएल’ से 90 करोड़ रुपये का कर्ज अपने नाम ट्रांसफर करा लिया। मतलब 50 लाख रुपये देकर 5,000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। यही कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक है और ‘‘भ्रष्टाचार का मास्टरप्लान’’ है। इस पूरे मामले में यंग इंडिया ने फर्जीवाड़े से लिया गया लोन दिखाया अर्थात नकली कंपनी, नकली लोन और असली कब्जा। कांग्रेस के चहेतों ने बहादुर शाह जफर मार्ग की हेराल्ड बिल्डिंग, लखनऊ की प्राइम लोकेशन की जमीन, भोपाल स्थित संपत्ति और हिमाचल की संपत्ति सहित करोड़ों की संपत्ति अपने नाम कर ली। कल ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की संपत्ति पर किए गए कब्जे के बारे में अच्छे से बताया था।

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल चुनाव: BJP ने तेज किया चुनाव प्रचार, PM मोदी आज करेंगे तीन बड़ी रैलियां

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें