Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

परिवार सहित अक्षरधाम मंदिर पहुंचे वेंस, भारतीय कला-सांस्कृतिक विरासत देख हुए प्रभावित

April 22, 2025

परिवार सहित अक्षरधाम मंदिर पहुंचे वेंस, भारतीय कला-सांस्कृतिक विरासत देख हुए प्रभावित

नयी दिल्ली: भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पत्नी उषा और तीन बच्चों, इवान, विवेक और मिराबेल के साथ यहां स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर पहुंचे।

वेंस सोमवार हवाई अड्डे से सीधे स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर पहुंचे। उन्होंने इस दौरान मंदिर में प्रदर्शित भारतीय कला, वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया। गौरतलब है कि स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर पारंपरिक हिंदू वास्तुकला, आध्यात्मिकता, सांस्कृतिक समृद्धि और आधुनिक प्रबंधन सिद्धांतों का अद्वितीय संगम है।

वेंस के इस दौरे को आस्था, शांति और एकता के साझा मूल्यों का प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है, भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत रखते हैं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने यहां अतिथि पुस्तिका में अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा, “इस खूबसूरत जगह पर मेरा और मेरे परिवार का स्वागत करने के लिए, आपके आतिथ्य और प्रेम के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। यह भारत के लिए बहुत बड़ा श्रेय है कि आपने सटीकता और देखभाल के साथ एक सुंदर मंदिर बनाया है। हमारे बच्चों को विशेष रूप से यह बहुत पसंद आया। भगवान भला करे।”

वेंस और उनके परिवार ने मंदिर के जटिल नक्काशीदार स्तंभों, भव्य गुंबदों, कलात्मक छतों और अन्य वास्तुशिल्पीय तथा सांस्कृतिक विशेषताओं को देखकर काफी प्रभावित हुये। वे स्वामिनारायण अक्षरधाम में समाहित विश्व शांति के सार्वभौमिक संदेश से भी काफी प्रभावित हुये।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजधानी में स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम एक पारंपरिक हिंदू मंदिर है और विश्व शांति को समर्पित एक भव्य स्मारक है। यह कला, संस्कृति और आध्यात्मिक शिक्षा का जीवंत केंद्र है, जो भारत की कालातीत कला, सीमाहीन संस्कृति और स्थायी मूल्यों की अनमोल भावना को दर्शाता है। इस मंदिर का निर्माण 2005 में प्रमुख स्वामी महाराज की प्रेरणा से किया गया था, और तब से यह 191 से अधिक देशों के लाखों लोगों को उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित कर चुका है।

इस मंदिर का संचालन बीएपीएस स्वामिनारायण संस्था द्वारा किया जाता है, जो एक वैश्विक सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था है और भारतीय संस्कृति, मूल्य और आध्यात्मिकता को संरक्षित और प्रचारित करने के लिए समर्पित है। बीएपीएस स्वामिनारायण संस्था अमेरिका के रॉबिंसविल में स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी में बीएपीएस हिंदू मंदिर जैसे सांस्कृतिक स्थलों के निर्माण के लिए प्रसिद्ध है। यह संस्था अपनी आध्यात्मिक सेवाओं के साथ-साथ आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास जैसे मानवीय कार्यों में भी सक्रिय रूप से संलग्न है।

ये भी पढ़ें: क्या है LPG, CNG, PNG और LNG गैसों के बीच अंतर? कौन सी गैस है सबसे बेहतर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें