Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL के बीच इस क्रिकेटर पर लगे मारपीट के आरोप, पत्नी ने मांगा 1 करोड़ का मुआवजा

April 22, 2025

IPL के बीच इस क्रिकेटर पर लगे मारपीट के आरोप, पत्नी ने मांगा 1 करोड़ का मुआवजा

नेशनल डेस्क : पूर्व भारतीय क्रिकेटर अमित मिश्रा पर उनकी पत्नी गरिमा मिश्रा ने दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गरिमा ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उनसे 10 लाख रुपये नकद और एक कार की मांग की थी। साथ ही उन्होंने कहा कि अमित का दूसरी महिलाओं से अफेयर है, जिससे उनकी शादीशुदा जिंदगी बर्बाद हो गई। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

घरेलू हिंसा और मुआवजे की मांग को लेकर दर्ज हुआ केस

आपको बता दें कि पत्नी गरिमा मिश्रा ने अमित मिश्रा और उनके पूरे परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने अदालत में ₹1 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने ना सिर्फ दहेज की मांग की, बल्कि उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट भी की। उन्होंने यह भी बताया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी विदाई रोक दी गई थी, और बाद में ₹2.5 लाख देने के बाद उन्हें विदा किया गया।

परिवार के सभी सदस्यों पर लगे आरोप

गरिमा ने सिर्फ अमित मिश्रा ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार पर भी केस दर्ज कराया है। आरोपियों में शामिल हैं

  • अमित मिश्रा (पति)
  • शशिकांत मिश्रा (पिता)
  • बीना मिश्रा (माता)
  • अमर मिश्रा (जेठ)
  • ऋतू मिश्रा (जेठानी)
  • स्वाति मिश्रा (ननद)

गरिमा का कहना है कि ये सभी लोग मिलकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और दहेज के लिए दबाव बनाते थे।

लड़कियों से बातचीत और तलाक की धमकी

गरिमा ने यह भी आरोप लगाया कि अमित मिश्रा इंस्टाग्राम पर दूसरी लड़कियों से बातचीत करते हैं और जब वह इसका विरोध करतीं, तो उन्हें तलाक की धमकी दी जाती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि जो पैसे वह मॉडलिंग से कमाती थीं, अमित जबरन छीन लेते थे।

कोर्ट ने भेजा नोटिस, 26 मई को अगली सुनवाई

वहीं अब इस पूरे मामले को देखते हुए कोर्ट ने सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर दिया है और अगली सुनवाई की तारीख 26 मई तय की गई है। यह मामला अब कानूनी रूप से गंभीर रूप ले चुका है, और आने वाले समय में इसकी जांच व सुनवाई अहम मोड़ पर पहुंच सकती है।

अमित मिश्रा का क्रिकेट करियर

42 वर्षीय अमित मिश्रा भारत के अनुभवी लेग स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने भारत के लिए:

  • 22 टेस्ट (76 विकेट)
  • 36 वनडे (64 विकेट)
  • 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय (16 विकेट) मैच खेले हैं।

आईपीएल में भी उनका खासा अनुभव रहा है, जहाँ उन्होंने 162 मैचों में 174 विकेट झटके हैं। वे डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें