
नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का फॉर्मूला अगर देश में लागू होता है, तो इससे कई फायदे होंगे। उनका कहना है कि इससे अलग-अलग चुनावों पर होने वाला खर्च बचेगा, समय की बचत होगी और मतदान प्रतिशत भी बढ़ सकता है।
चुनावों में ही निकल जाता है पूरा साल
अनुराग ठाकुर ने श्रीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हर साल देश में कहीं न कहीं विधानसभा चुनाव होते रहते हैं। जैसे – हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के कुछ महीनों बाद ही विधानसभा चुनाव हुए। फिर महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली में चुनाव हुए। इससे पूरा साल चुनावों में ही निकल जाता है। उन्होंने कहा कि अगर सभी चुनाव एक साथ कराए जाएं, तो सरकार और राजनीतिक दलों का खर्च कम होगा, लोगों को बार-बार मतदान नहीं करना पड़ेगा, और अधिकारी चुनावी ड्यूटी की बजाय अपने असली काम पर ध्यान दे सकेंगे।
विकास में लगाया जा सकता है यह पैसा
ठाकुर के मुताबिक, 2024 के लोकसभा चुनावों में सरकार, राजनीतिक दलों और अन्य संस्थानों ने करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये खर्च किए, जो देश के GDP का करीब 1.5% है। अगर यह पैसा बचाया जाए तो विकास में लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जब चुनाव होते हैं तो आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू हो जाती है, जिससे विकास कार्य रुक जाते हैं। इसके अलावा चुनाव से पहले और बाद में तैयारी, मतदान और सरकार गठन में 45 से 90 दिन तक का समय लग जाता है।
अनुराग ठाकुर ने सुझाव दिया कि अगर 2029 में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ लागू हो गया, तो हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और पंजाब जैसे राज्यों के 2027 में होने वाले चुनाव सिर्फ दो साल के लिए होंगे, ताकि 2029 में सभी चुनाव एक साथ कराए जा सकें।
राहुल गांधी और सैम पित्रोदा पर निशाना
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि वो भारत में चुनाव हारते हैं और फिर विदेशों में देश के खिलाफ बोलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को अपने सलाहकार सैम पित्रोदा से जवाब मांगना चाहिए, जिन्होंने कथित तौर पर कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान निर्माण में कोई योगदान नहीं था। ठाकुर ने पूछा, “अब राहुल गांधी का असली रुख क्या है?”
मेष: दिन शुभ रहेगा...