Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pahalgam Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर सामने आया बयान, बोले- हिंदुस्तान को कमजोर करना चाहते हैं कुछ लोग

April 22, 2025

Pahalgam Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर सामने आया बयान, बोले- हिंदुस्तान को कमजोर करना चाहते हैं कुछ लोग

Pahalgam Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले पर केंद्र शासित प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार ने दुख जताया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था।

सुरिंदर कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा नहीं होना चाहिए था और हम इस हमले की जितनी भी कड़ी निंदा करें, वह कभी भी पर्याप्त नहीं होगी। मेरे पास निंदा करने के लिए शब्द कम पड़ गए हैं, जो कुछ भी हुआ, वह बिल्कुल गलत है। ये लोग हमारे मेहमान थे, न केवल पहलगाम के, बल्कि पूरे जम्मू-कश्मीर के मेहमान थे। इन यात्रियों के आने से जम्मू-कश्मीर की आर्थिक स्थिति में फायदा होता है। यह हमला हमारे मेहमाननवाजी पर नहीं हुआ है, बल्कि हमारी अर्थव्यवस्था को निशाना बनाया गया है। मैं इस हादसे की निंदा करता हूं।

उन्होंने कहा, कानून-व्यवस्था की बात करूं तो यह केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। मगर, हमारी सरकार इसको लेकर पूरी तरह से केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। कुछ चुनिंदा ताकतें हैं जो हिंदुस्तान को कमजोर करना चाहती हैं, और हम उन्हें छोड़ेंगे नहीं। उन लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मैं लोगों से अपील करूंगा कि घबराएं नहीं और बड़ी संख्या में यहां पहुंचें। जम्मू-कश्मीर के लोग आपके साथ खड़े हैं। उमर अब्दुल्ला सरकार अपने मेहमानों के साथ खड़ी है और ऐसी ताकतों को जवाब दिया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पहलगाम में पर्यटकों पर हमला एक बड़ी साजिश का हिस्सा है और सुरक्षा बल जल्द ही इस साजिश को नाकाम कर देंगे। उन्होंने कहा, आने वाले दिनों में अमरनाथ यात्रा भी शुरू होने वाली है। मैं सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करता हूं कि वे तीर्थयात्रा के लिए उसी तरह आएं, जैसे अतीत में आते रहे हैं। हमारी सरकार सभी यात्रियों के लिए हमेशा खड़ी है।

उन्होंने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे सुरक्षा बल जल्द ही इन आतंकवादियों को खोजकर खत्म कर देंगे। किसी भी तीर्थयात्री को जम्मू-कश्मीर आने से घबराने या डरने की जरूरत नहीं है, हम उन्हें पूरी सुरक्षा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें