Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पहलगाम हमला: कुणाल घोष ने केंद्र सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, आतंकी कैसे कर गए सीमा पार, देना चाहिए जवाब

April 23, 2025

पहलगाम हमला: कुणाल घोष ने केंद्र सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, आतंकी कैसे कर गए सीमा पार, देना चाहिए जवाब

Pahalgam attack: पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर दिया है। इस हमले में पश्चिम बंगाल के तीन लोगों की मौत सहित कई लोग हताहत हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने केंद्र सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह हमला सीमा सुरक्षा और खुफिया तंत्र की नाकामी को उजागर करता है। हमारी पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख रखा है। हमला करने वाले आतंकी सीमा पार कैसे कर गए? पहलगाम सीमा से काफी दूर है, फिर भी आतंकियों ने बिना किसी रुकावट के पर्यटकों पर हमला किया। वहां कोई केंद्रीय बल क्यों नहीं था?

टीएमसी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने मुर्शिदाबाद में हाल के हमले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी सीमा पार से घुसपैठ हुई थी, जिसके लिए बीएसएफ जिम्मेदार है और बीएसएफ केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है।

कुणाल घोष ने आगे कहा कि इस हमले में पश्चिम बंगाल के तीन लोगों की मौत से राज्य में शोक है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतकों के परिजनों से संपर्क किया। ममता बनर्जी ने एक मृतक की पत्नी से बात की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। ममता ने शवों को बंगाल लाने और परिजनों की मदद के लिए सभी जरूरी कदम उठाए हैं। ममता दीदी रात से ही सक्रिय हैं और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हैं।

उधर, बीजेपी माइनॉरिटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि क्या मुर्शिदाबाद हमले का तार पहलगाम हमले से जुड़ा है। इस बयान पर टीएमसी नेता कुणाल घोष ने पलटवार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पहले अपनी जिम्मेदारी निभाए और सीमा सुरक्षा सुनिश्चित करे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि हिंसा का यह कृत्य पूरी तरह से निंदनीय है। सीएम ममता बनर्जी ने जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें