
Thailand Plane Crash: बैंकॉक: थाईलैंड के हुआ हिन जिले में एक दुखद हादसे में पुलिस का एक प्रशिक्षण विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पांच अधिकारियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा शुक्रवार सुबह उस वक्त हुआ जब ‘रॉयल थाई पुलिस’ का यह छोटा विमान पैराशूट अभ्यास से पहले एक परीक्षण उड़ान पर था।
-पुलिस प्रवक्ता अर्चायोन क्रेथोंग के अनुसार
विमान सुबह करीब आठ बजे नियंत्रण खो बैठा और हुआ हिन हवाई अड्डे के पास समुद्र में जा गिरा। प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया कि हादसे में सभी छह अधिकारी मारे गए, लेकिन बाद में यह स्पष्ट किया गया कि एक अधिकारी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है।
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घटनास्थल से मिली तस्वीरों में विमान का ढांचा समुद्र में टूटा हुआ दिखाई दिया, जिससे पता चलता है कि दुर्घटना कितनी भीषण थी। विमान की पहचान वाइकिंग डीएचसी-6 ट्विन ओटर मॉडल के रूप में की जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
-तट से 100 मीटर की दूरी पर गिरा विमान
प्राचुआब किरी खान प्रांत के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि विमान तट से लगभग 100 मीटर की दूरी पर समुद्र में गिरा। जांच अधिकारी दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विमान के ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को इकट्ठा कर रहे हैं।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त क्यों हुआ। अधिकारियों ने तकनीकी खराबी, मानव त्रुटि या मौसम से जुड़े संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा है। यह घटना थाईलैंड की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण उड़ानों की प्रक्रियाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है।
-पुलिस विभाग ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की
सरकारी एजेंसियों और पुलिस विभाग ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता देने का आश्वासन दिया है। दुर्घटना की जांच जारी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...