Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab पुलिस को मिली बड़ी सफलता : हथियार तस्करी रैकेट का किया भंडाफोड़

April 27, 2025

Punjab पुलिस को मिली बड़ी सफलता : हथियार तस्करी रैकेट का किया भंडाफोड़

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रहे अभियान के बीच, काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने एक ऑपरेटिव की गिरफ्तारी के साथ एक पाक समर्थित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया है, जो अपने ऑस्ट्रेलिया स्थित हैंडलर जस्सा के निर्देश पर असामाजिक तत्वों को हथियार सप्लाई कर रहा था।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर के मीरांकोट कलां गांव निवासी अभिषेक कुमार के रूप में की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने उसके कब्जे से पांच .30 बोर और दो अत्याधुनिक 9एमएम ग्लॉक समेत सात पिस्तौल, चार कारतूस और 1.5 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा, हथियार तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही उसकी महिंद्रा थार गाड़ी को भी जब्त किया है।

डीजीपी ने खुलासा किया कि सीआई अमृतसर को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी, जिसमें संकेत मिला था कि ऑस्ट्रेलिया स्थित जस्सा, पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ मिलीभगत करके अपने स्थानीय सहयोगियों अभिषेक कुमार और उसके साथी जोधबीर सिंह उर्फ ​​जोधा की मदद से भारत-पाक सीमा के जरिए अवैध हथियारों/गोला-बारूद की तस्करी कर रहा था।

मामले की जांच जारी

उन्होंने आगे कहा कि, इनपुट से यह भी पता चला कि ये लोग राज्य भर में असामाजिक तत्वों को इन हथियारों की खेपों को प्राप्त करने और वितरित करने में सक्रिय रूप से शामिल थे। आरोपी अभिषेक और जोधबीर उर्फ ​​जोधा द्वारा हाल ही में हथियारों और गोला-बारूद की एक बड़ी खेप बरामद करने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, सीआई अमृतसर की टीमों ने अमृतसर-पठानकोट बाईपास जीटी रोड पर फतेहगढ़ शूकरचक गांव के पास छापा मारा और आरोपी अभिषेक को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह अपने थार वाहन में अवैध हथियारों की खेप किसी अन्य पार्टी को देने जा रहा था।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि आगे की जांच से पता चल रहा है कि अभिषेक कुमार और जोधबीर सिंह दोनों ही हवाला लेन-देन में सक्रिय रूप से शामिल हैं, जो आपराधिक गतिविधियों में लिप्त एक बड़े नेटवर्क से उनके संभावित संबंध को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है, ताकि आगे की कड़ी स्थापित की जा सके, जबकि पुलिस टीमें आरोपी जोधबीर उर्फ ​​जोधा को पकड़ने के लिए तलाश कर रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें