
हरियाणा के जिंद में पिंडारा तीर्थ में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपनी दादी के साथ वैशाख अमावस्या के मौके पर सोनीपत से जिंद पिंडारा तीर्थ में नहाने आया था। तीर्थ में नहाते हुए युवक हादसे का शिकार हो गया।
युवक की पहचान सोनीपत के गांव मिर्जापुर खेड़ी निवासी 17 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई है। जितेंद्र अपनी दादी बीरमती के साथ रविवार के दिनपूजा अर्चना करने पहुंचा। जिसके बाद नहाने के लिए घाट पर पहुंचे।जितेंद्र पानी में जाकर नहाने लगा जबकि उसकी दादी सीढ़ियों पर ही बैठ गई।
गहराई की जानकारी न होने पर जितेंद्र रेलिंग की दूसरी तरफ पहुंच गया। जहां पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण जितेंद्र वहां फंस गया। कुछ ही देर बाद जितेंद्र डूबने लगा। जब तक श्रद्धालुओं की नजर जितेंद्र पर पड़ी। वह पानी में समा गया था।
काफी देर तक जितेंद्र हाथ–पैर मारता रहा, लेकिन किसी का ध्यान न होने के कारण वह बेहोश होकर पानी में डूब गया। जितेंद्र के डूबते ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच शोर मच गया। लोग युवक बचाने की कोशिश में आए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
युवक के शरीर में पानी भरने से वह बेसुध हो चुका था। जैसे–तैसे युवक को पानी से बाहर निकल कर, जिंद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच–पड़ताल की।
मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। जितेंद्र के पिता ने बताया कि जितेंद्र परिवार का इकलौता बच्चा था। जिसने हाल ही में 10वीं की परीक्षा दी थी। जांच अधिकारी संदीप ने बताया मृतक का पोस्टमार्टम होने के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है।