
नेशनल डेस्क : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने हाल ही में पांच प्रमुख बैंकों पर भारी मौद्रिक जुर्माना लगाया है। जुर्माने की कुल राशि 2.52 करोड़ रुपये है। इन बैंकों पर जुर्माना लगाने का मुख्य कारण यह था कि उन्होंने आरबीआई द्वारा जारी कुछ महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन नहीं किया। आइए, जानते हैं उन बैंकों के बारे में जिन पर जुर्माना लगाया गया है, और वह जुर्माना क्यों लगाया गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
1. बैंक ऑफ महाराष्ट्र पर जुर्माना
आरबीआई ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र पर 31.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना बैंक द्वारा ‘अपने ग्राहक को जानो’ (KYC) निर्देशों का पालन न करने के कारण लगाया गया है। KYC प्रक्रिया बैंकों के लिए जरूरी होती है, ताकि ग्राहकों की पहचान सही तरीके से सत्यापित की जा सके और वित्तीय अपराधों से बचा जा सके। इस नियम का उल्लंघन करने पर यह जुर्माना लगाया गया।
2.ICICI बैंक पर जुर्माना
आईसीआईसीआई बैंक पर आरबीआई ने 97.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना बैंक द्वारा साइबर सुरक्षा ढांचे, ‘अपने ग्राहक को जानो’ (केवाईसी) प्रक्रिया, और क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड के जारी करने और आचरण से संबंधित कुछ आरबीआई निर्देशों का पालन न करने के कारण लगाया गया। बैंक ने इन निर्देशों के प्रति लापरवाही दिखाई, जो बैंकों के सुरक्षा और ग्राहक सेवा में सुधार के लिए जरूरी थे।
3.Axis बैंक पर जुर्माना
आरबीआई ने प्राइवेट सेक्टर के बैंक एक्सिस बैंक पर 29.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना इस कारण लगाया गया है कि एक्सिस बैंक ने आंतरिक/कार्यालय खातों के अनधिकृत संचालन को लेकर आरबीआई द्वारा जारी निर्देशों का पालन नहीं किया। 29 अप्रैल 2025 को जारी आदेश के तहत बैंक ने आरबीआई के नियमों का उल्लंघन किया था, जिसके कारण यह जुर्माना लगाया गया।
4. IDBI बैंक पर जुर्माना
आईडीबीआई बैंक पर 31.8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आरबीआई ने यह जुर्माना किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से कृषि और संबंधित गतिविधियों के लिए अल्पावधि ऋण पर ब्याज सहायता योजना के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के कारण लगाया है। बैंक ने इस योजना से जुड़े नियमों और निर्देशों का पालन ठीक से नहीं किया, जिससे यह जुर्माना लगाया गया।
5. बैंक ऑफ बड़ौदा पर जुर्माना
बैंक ऑफ बड़ौदा पर आरबीआई ने 61.40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना बैंकों द्वारा वित्तीय सेवाओं और ग्राहक सेवा के बारे में आरबीआई के कुछ निर्देशों का पालन न करने के कारण लगाया गया। बैंक ने अपने ग्राहकों को बेहतर सेवाएं और वित्तीय सहायता देने के लिए जो दिशा-निर्देश आरबीआई ने तय किए थे, उनका पालन नहीं किया।
कुल मिलाकर क्या था कारण?
इन पांच बैंकों पर जुर्माना लगाने के कारण अलग-अलग थे, लेकिन मुख्य कारण आरबीआई द्वारा निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन न करना था। बैंकों ने सुरक्षा, ग्राहक सेवा, और वित्तीय सहायता योजनाओं से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दिशानिर्देशों की अनदेखी की, जिसके कारण भारतीय रिजर्व बैंक को यह कदम उठाना पड़ा।
क्या आपको भी कोई जुर्माना हो सकता है?
अगर आपके बैंक खाते से संबंधित कोई गलती या लापरवाही हुई हो, तो यह बैंक पर जुर्माना लगाने का मामला हो सकता है, लेकिन आपके व्यक्तिगत खाते पर ऐसा जुर्माना नहीं लगता। जुर्माना केवल उन बैंकों पर लगाया जाता है जो आरबीआई के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करते। फिर भी, यह महत्वपूर्ण है कि आप अपने बैंक के साथ अपनी सभी लेन-देन और प्रक्रियाओं को सही तरीके से रखें, ताकि ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...