
Texas Earthquake : शनिवार रात (स्थानीय समयानुसार) पश्चिमी टेक्सास में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने इसकी पुष्टि की है। भूकंप शनिवार को शाम 7:47 बजे (स्थानीय समयानुसार) आया। यह न्यू मैक्सिको के व्हाइट्स सिटी से लगभग 35 मील दक्षिण में, टेक्सास के मिडलैंड और एल पासो शहरों के बीच के क्षेत्र में आया। यूएसजीएस के अनुसार, क्षेत्र में विरल जनसंख्या के कारण भूकंप का लोगों पर सीमित प्रभाव पड़ा। जिसके कारण भूस्खलन या मिट्टी के कटाव की संभावना भी बहुत कम थी।
ईएमएससी ने 6.5 मापी भूकंप की तीव्रता
इससे पहले, यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (ईएमएससी) ने भूकंप की तीव्रता 6.5 मापी थी और इसका केंद्र टेक्सास के पेकोस से लगभग 50 मील पश्चिम और वैन हॉर्न से 45 मील उत्तर-पूर्व में बताया था। स्वतंत्र वैज्ञानिक संगठन ने एक्स पर कहा कि अगले कुछ घंटों या दिनों में भूकंप के झटके आने की संभावना है।
20 लाख लोगों ने भूकंप के झटके किये महसूस
ईएमएससी ने अपनी सलाह में कहा, ‘जब तक आवश्यक न हो, अपनी सुरक्षा के लिए क्षतिग्रस्त क्षेत्रों से दूर रहें।’ सावधान रहें और राष्ट्रीय प्राधिकारियों से प्राप्त जानकारी का पालन करें। एजेंसी के अनुसार, अमेरिका और मैक्सिको में 200 मील के दायरे में लगभग 20 लाख लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किये।
आपको बता दें कि यह घटना चिली और अर्जेंटीना के दक्षिणी तटों पर 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप आने के एक दिन बाद हुई है। यूएसजीएस ने कहा कि भूकंप केप हॉर्न और अंटार्कटिका के बीच 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर आया और इसके बाद कई झटके महसूस किये गये। भूकंप की तीव्रता को देखते हुए, चिली के अधिकारियों ने देश के सुदूर दक्षिणी क्षेत्र के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की।