Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

नवविवाहिता की हत्या के आरोपी 22 दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से बाहर

May 6, 2025

नवविवाहिता की हत्या के आरोपी 22 दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से बाहर

यमुनानगर: बूड़िया थाना क्षेत्र के सुघ माजरी में हुई नवविवाहिता 22 वर्षीय काजल की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को उसके परिजन लघु सचिवालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई। मृतका के भाई व मायके वालों का आरोप है कि काजल की हत्या उसके पति, सास, ससुर व देवर ने गला घोंट कर की थी। वारदात को हुए 21 दिन बीत चुके है, लेकिन अब तक हत्यारोपी खुले आम घूम रहे है। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार भौरिया ने उन्हें जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। फेरूवाला निवासी संजीव कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी काजल की शादी 19 फरवरी 2024 को गांव सुघ माजरी निवासी प्रीतम के साथ हुई थी।

शादी के कुछ दिन बाद तक सब कुछ ठीक ठाक चलता रहा। लगभग चार माह बाद ही काजल के साथ मारपीट की जाने लगी। उसका पति प्रीतम, सास मैना, ससुर इंद्र व देवर आकाश उसे छोटी छोटी बातों को लेकर प्रताड़ित करते थे। उसे रोजाना ताने दिए जाते थे। मारपीट से तंग आकर वह मायके में आ गई। जिसके बाद पंचायत हुई। उस समय दोनों पक्षों के रिश्तेदारों की पंचायत हुई, जिसमें आरोपी ससुरालियों ने अपनी गलती मान ली थी और काजल को परेशान न करने की बात कही थी। इसके बाद फिर से उसे पीटा जाने लगा। यहां तक कि सास ससुर भी उसके साथ मारपीट करते। देवर भी उसे ताने देता था। इस बारे में काजल ने कई बार फोन करके भी उन्हें बताया। 15 अप्रैल की शाम को उसके दामाद प्रीतम का फोन आया कि काजल को चोट लग गई है।

वह उसे गाबा अस्पताल ले जा रहे है। जिस पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। जहां उन्हें काजल से मिलने नहीं दिया गया। बाद में डॉक्टर ने पुलिस को बुलाया। जिनके सामने उन्हें काजल की लाश दिखाई गई। उसके गले पर चुन्नी के निशान थे। आरोप है कि काजल की उसके पति, सास, देवर व ससुर ने गला घोटकर हत्या की है। इसके बाद इसकी ?शिकायत बूड़िया पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज किया था। लेकिन अब तक पुलिस इस मामले में किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी खुले आम घूम रहे है।

ये भी पढ़ें- देशभर में आज कितनी है LPG सिलेंडर की कीमत? जानें CNG और PNG के रेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें