
Pakistani firing on LoC : जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार पाकिस्तानी सेना द्वारा रात भर की गई भारी गोलीबारी और गोलाबारी में तीन नागरिकों की मौत हो गई। रक्षा सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर किए गए मिसाइल हमले के बाद पाकिस्तानी बलों द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया। रक्षा सूत्रों का कहना है कि भारतीय सेना गोलाबारी का माकूल जवाब दे रही है।
सूत्रों ने बताया कि 6 और 7 मई की मध्यरात्रि के दौरान, पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार चौकियों से गोलाबारी की। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से की गई अंधाधुंध गोलीबारी और गोलाबारी में तीन निर्दोष लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक महिला भी शामिल है, जिसका घर पुंछ जिले के मनकोट इलाके में मोर्टार शेल की चपेट में आ गया था। उसकी 13 वर्षीय बेटी घायल हो गई।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से की गई भीषण गोलाबारी के कारण पुंछ के विभिन्न सेक्टरों में नौ और नागरिक भी घायल हो गए जिनकी हालत स्थिर बताई गई है। अधिकारियों ने आदेश दिया है कि जम्मू क्षेत्र के पांच सीमावर्ती जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थान बुधवार को बंद रहेंगे।
संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने एक्स पर पोस्ट किया मौजूदा स्थिति को देखते हुए, जम्मू, सांबा, कठुआ, राजाैरी और पुंछ में सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे। मनकोट के अलावा, पुंछ में कृष्णाघाटी और शाहपुर सेक्टर, जम्मू क्षेत्र में राजाैरी जिले के लाम, मंजाकोट और गमबीर ब्राह्मण और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में करनाह और उरी सेक्टर में सीमा पार से भारी गोलाबारी की सूचना मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा की रक्षा कर रहे भारतीय सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और अंतिम रिपोर्ट मिलने तक दोनों पक्षों के बीच गोलाबारी जारी थी। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण लोगों को भूमिगत बंकरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद बढ़े तनाव के बीच पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर में सीमा पर अकारण गोलीबारी की यह लगातार 13वीं रात थी।
पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। भारतीय सशत्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद सख्त जवाबी करते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किये, जिनमें आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तैयबा और जैश- ए- मोहम्मद के गढ़ भी शामिल हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...