Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अपनी पसंद के समय और स्थान पर करेगा जवाबी हमले : पाकिस्तान

May 7, 2025

अपनी पसंद के समय और स्थान पर करेगा जवाबी हमले : पाकिस्तान

Operation Sindoor : पाकिस्तान ने कहा है कि भारत ने मंगलवार देर रात के बाद कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में मिसाइल हमले किए हैं और वह ‘अपनी पसंद के समय और स्थान पर’ जवाबी हमले करेगा। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने ए.आर.वाई न्यूज को बताया कि भारत ने बहावलपुर के अहमद ईस्ट इलाके में सुभानउल्लाह मस्जिद, कोटली और मुजफ्फराबाद में तीन जगहों पर हवाई हमले किए। भारत द्वारा किए गए हमले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों पक्षों के बीच बढ़े तनाव के बीच किए गए हैं। पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादियों ने पहलगाम में 26 लोगों जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे, की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

चौधरी ने कहा, ‘‘हमारे सभी वायुसेना के जेट विमान हवा में हैं। यह हमला भारत ने अपने हवाई क्षेत्र के भीतर रहते हुए किया है। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं, पाकिस्तान अपने द्वारा चुने गए समय और स्थान पर इसका जवाब देगा। ‘‘ संभावित हताहतों के बारे में पूछे जाने पर, डीजी आईएसपीआर ने कहा कि क्षति का आकलन जारी है और वह बाद में अधिक जानकारी देंगे। इस हमले से भारत को जो कुछ समय के लिए खुशी मिली है, लेकिन उसको दुख भी झेलना होगा। उन्होंने कहा कि बहावलपुर में विस्फोट से पहले आसमान में तेज रोशनी छा गई।

सूत्रों ने बताया कि मुजफ्फराबाद में विस्फोट की आवाज सुनी गई, जबकि बहावलपुर में भी विस्फोट की आवाज सुनी गई। मुजफ्फराबाद में पूरी तरह से ब्लैकआउट है। दूसरी ओर, विमानन सूत्रों के अनुसार, हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया गया और सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। एक नियमित नोटम भी जारी किया गया, जिसमें हवाई क्षेत्र को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया।

सरकारी प्रसारक पीटीवी न्यूज ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। बयान में कहा गया है, ‘‘हमले में अब तक एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी है, जबकि एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हैं। भारत ने रात के अंधेरे में में निर्दोष पाकिस्तानियों को निशाना बनाया।’’ रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया कि नागरिक इलाकों पर हमला किया गया। उन्होंने दावा किया, ‘‘हमले नागरिक इलाकों पर किए गए।’’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करेगा।

कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात के बाद मुजफ्फराबाद शहर के आसपास पहाड़ों के पास पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर क्षेत्र में कई जोरदार विस्फोट सुने गए। उन्होंने बताया कि विस्फोटों के बाद शहर की बिजली गुल हो गई। भारत ने हमले की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘कुछ समय पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में उन बुनियादी ढांचों पर हमला किया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और उन्हें निर्देशित किया गया।’’

भारत ने पाकिस्तान के बयान का जवाब देते हुए कहा, ‘‘हमारी कार्रवाई केंद्रित, नपी-तुली और प्रकृति में गैर-उग्र प्रकृति की रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य सुविधाओं को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्यों के चयन और हमले करने के तरीके में काफी संयम बरता है।’’ इससे पहले दिन में, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के मुख्यालय का दौरा किया, जहां उन्हें खतरे से निपटने के लिए तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। आसिफ भी PM शरीफ के साथ थे।

पाक रक्षा मंत्री ने दोहराया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि भारत के साथ टकराव आसन्न है। उन्होंने कहा, ‘‘आज भी यह आसन्न है और कभी भी हो सकता है।’’ उन्होंने कहा ‘‘चाहे वह सर्जिकल स्ट्राइक हो या ज़मीनी हमला या हवाई हमला या नौसैनिक मुठभेड़। हम हर जगह हर समय जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें