Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुंछ हमले में घायल हुए परिवार से मिले कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला, मदद का दिया आश्वासन

May 9, 2025

पुंछ हमले में घायल हुए परिवार से मिले कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला, मदद का दिया आश्वासन

MP Gurjit Singh Aujla : कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पुंछ हमले में घायल हुए लोगों से अमृतसर के एक अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तान की ओर से हमला किया गया था, जिसमें काफी लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अमृतसर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने घायलों से मुलाकात के बाद कहा कि परिवार के सदस्य पुंछ हमले के दौरान घायल हुए, इसके बाद उन्हें अमृतसर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इस हमले में उन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया, लेकिन परिवार का संकल्प मजबूत है और वे देश के साथ एकजुट हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं भारतीय सेना को सैल्यूट करता हूं। पाकिस्तान ने जो हरकत की है, उसका हमारी सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। देश में पहले से ही अलर्ट जारी किया गया था और भारतीय सेना ने हर तरह के हमले को नाकाम कर दिया।

वहीं, पीड़ित परिवार के एक सदस्य अमरिंदर सिंह ने बताया, ‘भारत के आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के बाद पाकिस्तान ने पुंछ पर हमला किया। उन्होंने सैन्य शिविरों को निशाना बनाने के बजाय नागरिक क्षेत्रों पर हमला किया, इसमें वो पहाड़ी क्षेत्र भी शामिल थे जहां सैनिक तैनात हैं।‘ उन्होंने कहा कि पुंछ जिले में पाकिस्तान की ओर से अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के कई सदस्य घायल हो गए थे। हमने तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में लाकर उन्हें भर्ती करवाया, लेकिन रास्ते में 11 साल के बच्चे ने दम तोड़ दिया। बाकी सदस्यों का इलाज जारी है।

इससे पहले भारत ने ‘‘ऑपरेशन सिंदूर’’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर कई आतंकियों को ढेर कर दिया था। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कई बॉर्डर इलाकों जैसे कुपवाड़ा, बारामुला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजाैरी में भारी गोलीबारी की जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें