Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान ने सोशल मीडिया पर लगाई लोन की गुहार, इस्लामाबाद ने कहा अकाउंट ‘हैक‘ हुआ

May 9, 2025

पाकिस्तान ने सोशल मीडिया पर लगाई लोन की गुहार, इस्लामाबाद ने कहा अकाउंट ‘हैक‘ हुआ

नई दिल्ली। पाकिस्तान से होने वाले मिसाइल हमलों का भारतीय सेना पूरे शौर्य के साथ सफलतापूर्वक जवाब दे रही है। वहीं, पड़ोसी देश ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बड़े नुकसान के चलते और लोन देने की गुहार लगाई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की पोस्ट में पाकिस्तान सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग ने लिखा, ‘दुश्मन के द्वारा किए गए भारी नुकसान के कारण पाकिस्तान की सरकार अंतरराष्ट्रीय समुदाय से और लोन की अपील करती है।‘

पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘जंग बढ़ने और शेयर बाजार के क्रैश होने के कारण हम अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से तनाव कम करने में मदद करने का आग्रह करते हैं।‘ पाकिस्तान के आर्थकि मामलों के मंत्रालय ने कहा कि उसने एक्स पर कोई पोस्ट नहीं की है और दावा किया कि उनका ‘एक्स अकाउंट हैक कर लिया गया है।‘ यह पोस्ट शुक्रवार को वाशिंगटन में पाकिस्तान के लिए बेलआउट पैकेज पर निर्णय लेने के लिए होने वाली अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की महत्वपूर्ण बैठक से पहले आई है।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि आईएमएफ में भारत के कार्यकारी निदेशक वैश्विक निकाय के बोर्ड की बैठक के दौरान देश का पक्ष रखेंगे। उन्होंने मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘मुझे विश्वास है कि हमारे कार्यकारी निदेशक भारत का पक्ष रखने में सफल होंगे।‘ उन्होंने कहा, ‘बोर्ड का निर्णय एक अलग मामला है.. लेकिन मुझे लगता है कि पाकिस्तान के संबंध में मामला उन लोगों के लिए स्पष्ट होना चाहिए जो इस देश को बचाने के लिए उदारतापूर्वक अपनी जेबें खोलते हैं।‘

मिसरी ने आगे कहा कि आईएमएफ द्वारा पाकिस्तान के लिए स्वीकृत 24 बेलआउट पैकेजों में से कई सफल निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं। भारतीय सेना के अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने 8 और 9 मई की मध्यरात्रि को पूरी पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और अन्य हथियारों का उपयोग करके कई हमले किए। साथ ही भारतीय सेना ने बताया कि जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और कुछ अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर हमले की पाकिस्तानी सेना की कोशिश को नाकाम कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें