Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजस्थान गैस ने CNG स्टेशनों की सुरक्षा पर बढ़ाया जोर, संवेदनशील क्षेत्रों में निर्देश जारी

May 9, 2025

राजस्थान गैस ने CNG स्टेशनों की सुरक्षा पर बढ़ाया जोर, संवेदनशील क्षेत्रों में निर्देश जारी

जयपुर: राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) ने प्रदेश में संचालित अपने सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए कोटा, नीमराणा और कूकस जैसे प्रमुख स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखने और सभी सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।

-सभी कर्मचारियों को निर्देश जारी

रणवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए स्टेशनों पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को सजग और सतर्क रहना होगा। उन्होंने मॉक ड्रिल्स को नियमित रूप से आयोजित करने, ब्लैकआउट की स्थिति में राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने की तैयारी रखने पर जोर दिया।

-सुरक्षा नियमों के प्रति किया जागरूक

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सीएनजी स्टेशनों पर आने वाले उपभोक्ताओं को भी सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, कंप्रेसर और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।

प्रबंध निदेशक ने कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर गैर-आवश्यक टिप्पणियों से बचने और केवल अधिकृत सूचनाओं को साझा करने की सख्त हिदायत दी।
राजस्थान स्टेट गैस का यह कदम न सिर्फ सीएनजी स्टेशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच विश्वास को भी मजबूत करेगा।

ये भी पढ़ें: आज केरलम में चुनावी रैली को करेंगे संबोधित करेंगे PM Modi, जानें आज का पूरा शेड्यूल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें