Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

India- Pak Ceasefire : भारत-पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमत… अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

May 10, 2025

India- Pak Ceasefire : भारत-पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमत… अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि भारत और पाकिस्तान दोनों देशों ने देर रात हुई लंबी बातचीत के बाद सीजफायर करने पर सहमति जताई है। बता दें कि एक बड़ा और महत्वपूर्ण बयान है। यदि यह सही साबित होता है, तो यह दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव और संघर्ष के लिहाज से एक सकारात्मक कदम होगा।

आतंक के खिलाफ भारत का कड़ा रुख … विदेश मंत्री एस जयशंकर 

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, भारत और पाकिस्तान ने आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बन गई है। भारत ने आतंकवाद के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख अपनाया है। वह ऐसा करना जारी रखेगा।’

शाम 5 बजे से सीजफायर लागू…. विक्रम मिसरी

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सीजफायर की पुष्टि करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी है कि पाकिस्तान के डीजीएमओ (Director General Military Operations) ने भारतीय डीजीएमओ से संपर्क किया। विक्रम मिसरी ने बताया कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने 3:15 बजे फोन किया और इस बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया कि सीजफायर आज शाम 5 बजे से लागू हो जाएगा।

PAK के विदेश मंत्री ने सीज फायर की पुष्टि की

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री, इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस सीजफायर की पुष्टि करते हुए एक महत्वपूर्ण बयान जारी किया। उन्होंने लिखा कि “पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है!”

अमेरिका के विदेश मंत्री ने भी सीजफायर की पुष्टि…

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी सीजफायर की पुष्टि की उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा हुई है। इसके लिए दोनों देशों के नेतृत्व की सराहना करता हूं।

सैन्य संघर्ष को रोकने का एक प्रयास…

सीजफायर, यानी युद्धविराम, दोनों देशों के बीच किसी सैन्य संघर्ष को रोकने का एक प्रयास होता है। यदि भारत और पाकिस्तान इस पर सहमत होते हैं, तो इससे नियंत्रण रेखा (LoC) पर होने वाली अक्सर झड़पों और संघर्षों में कमी आ सकती है। दोनों देशों के सैनिकों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए यह एक राहत की बात होगी, खासकर जम्मू और कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में, जहां सैन्य गतिविधियों और आतंकवादी हमलों का खतरा हमेशा बना रहता है।

क्या यह कदम स्थायी होगा?

इस तरह के निर्णय आमतौर पर राजनीति, सैन्य रणनीतियों और कूटनीतिक दबावों के आधार पर होते हैं। हालांकि, ट्रंप का बयान है कि भारत और पाकिस्तान दोनों सीजफायर पर सहमत हो गए हैं, लेकिन यह देखना होगा कि क्या यह निर्णय स्थायी रूप से लागू होता है, और क्या दोनों देश इस समझौते का पालन करते हैं।

वहीं आज भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिसके तहत भविष्य में होने वाली आतंकवादी घटनाओं को “एक्ट ऑफ वार” यानी जंग माना जाएगा। यह फैसला भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव और आतंकवाद के लगातार बढ़ते खतरे के मद्देनजर लिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें