Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

US-China Trade Deal : अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ वॉर खत्म! जेनेवा में हुई बड़ी ट्रेड डील

May 12, 2025

US-China Trade Deal : अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ वॉर खत्म! जेनेवा में हुई बड़ी ट्रेड डील

नेशनल डेस्क : अमेरिका और चीन के बीच एक महत्वपूर्ण ट्रेड डील हुई है, जिसके तहत दोनों देशों ने अपने-अपने उत्पादों पर टैरिफ को काफी हद तक घटा दिया है। चीन ने अमेरिका से आने वाले उत्पादों पर 125 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है, जो कि 90 दिन तक लागू रहेगा। वहीं, अमेरिका ने जिनेवा में हुए ट्रेड टॉक के दौरान चीनी उत्पादों पर 145 फीसदी से घटाकर 30 फीसदी तक टैरिफ को कम करने का प्रस्ताव दिया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

निर्मित वस्तुओं पर टैरिफ कम किए

जिनेवा में जारी एक संयुक्त बयान के अनुसार, दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं, अमेरिका और चीन ने एक अस्थायी समझौते पर सहमति जताई है, जिसके तहत दोनों देशों में निर्मित वस्तुओं पर टैरिफ कम किए जाएंगे। यह कदम 2 अप्रैल को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा रेसिप्रोकल टैरिफ (प्रतिस्थापनात्मक टैरिफ) की घोषणा के बाद ट्रेड टेंशन को कम करने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है।

फेंटानिल पर चर्चा…

ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने इस बारे में जानकारी दी कि दोनों देशों के बीच फेंटानिल (एक हानिकारक ड्रग) से जुड़ी बातचीत भी सकारात्मक रही। उन्होंने कहा, “हमने फेंटानिल पर आगे बढ़ने के कदमों पर मजबूत और प्रोडक्टिव चर्चा की। हम इस बात पर सहमत हैं कि कोई भी पक्ष अलग नहीं होना चाहता।” इसका मतलब है कि दोनों देश इस दवाई के अवैध व्यापार और इसके प्रभावों को कम करने के लिए साझा प्रयास करेंगे।

ट्रंप ने दी थी डील की जानकारी

इस ट्रेड डील के फाइनल होने की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ पर दी थी। उन्होंने ट्रेड डील के बारे में बताते हुए एग्रीमेंट का लेटर भी साझा किया, जिसमें लिखा था कि अमेरिका चीन के साथ इस व्यापार समझौते की घोषणा करता है। ट्रंप ने इस एग्रीमेंट के संबंध में ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के हवाले से कहा कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता में काफी प्रगति हुई है।

स्विट्जरलैंड के समर्थन पर धन्यवाद

ट्रंप ने इस समझौते की सफलता के लिए स्विट्ज़रलैंड सरकार का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “स्विस सरकार ने हमें एक अद्भुत स्थान प्रदान किया, जिससे हमें बहुत अधिक उत्पादकता प्राप्त हुई।” अमेरिका और चीन के बीच यह ट्रेड डील दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को सुधारने के लिए एक अहम कदम है। टैरिफ में कमी और फेंटानिल पर सहमति के बाद दोनों देशों के बीच रिश्तों में और भी सुधार की संभावना है। यह डील न केवल दोनों देशों के लिए फायदेमंद हो सकती है, बल्कि वैश्विक व्यापार व्यवस्था में भी स्थिरता ला सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें