Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

CUET Exam 2025 : आज से शुरू होगी CUET UG परीक्षा, सेंटर पर जाने से पहले पढ़ ये जरूरी निर्देश

May 13, 2025

CUET Exam 2025 : आज से शुरू होगी CUET UG परीक्षा, सेंटर पर जाने से पहले पढ़ ये जरूरी निर्देश

नेशनल डेस्क : कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) UG 2025 की परीक्षा की शुरुआत आज यानी 13 मई से हो गई है। यह परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जा रही है और इसका आयोजन 3 जून 2025 तक किया जाएगा। यह परीक्षा पूरे भारत के विभिन्न शहरों के साथ-साथ कुछ अंतरराष्ट्रीय केंद्रों पर भी आयोजित की जा रही है। परीक्षा का माध्यम कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) होगा, यानी उम्मीदवारों को कंप्यूटर पर ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी

आपको बता दें कि NTA ने पहले से ही 13 से 16 मई तक होने वाली परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों की परीक्षा इन तारीखों के बाद है, उनके लिए एडमिट कार्ड नियत समय पर जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने एडमिट कार्ड को वेबसाइट से डाउनलोड करके उसे सुरक्षित रखें, क्योंकि बिना एडमिट कार्ड के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

ड्रेस कोड: पहनावे के नियम

परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को सादे और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बटन, बैज या कढ़ाई वाले कपड़े पहनने से बचना चाहिए क्योंकि ये सुरक्षा जांच में परेशानी पैदा कर सकते हैं। धार्मिक या पारंपरिक परिधान पहनने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचे ताकि जांच के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इसके अलावा, जूते या ऊँची एड़ी की सैंडल की अनुमति नहीं है। उम्मीदवार केवल पतले तलवों वाली चप्पल या सैंडल पहनकर आ सकते हैं।

कौन-कौन सी चीजें परीक्षा में ले जाना मना है

परीक्षा के दौरान कई सामानों को लाने पर पाबंदी है। इसमें मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रोफोन और अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट शामिल हैं। इसके अलावा, गहने, धातु की चीजें, पर्स, हैट, टोपी, चश्मा आदि भी ले जाने की अनुमति नहीं है। पैक किया हुआ या खुला भोजन लाना भी मना है, हालांकि चिकित्सा कारणों से जरूरतमंद उम्मीदवार डॉक्टरी प्रमाण पत्र के साथ भोजन ला सकते हैं।

जरूरी दिशा-निर्देश जिन्हें हर उम्मीदवार को जानना चाहिए

परीक्षा में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और उनका पालन करें। परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना बेहद जरूरी है, क्योंकि देरी से आने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। उम्मीदवार को अपने एडमिट कार्ड के साथ एक वैध पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड आदि) ले जाना अनिवार्य है।

परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की अनुमति नहीं होगी और इन नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षा से अयोग्य ठहराया जा सकता है। परीक्षा के दौरान rough work के लिए रफ शीट केंद्र पर उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी तरह की नकल या अनुचित व्यवहार को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा और इसमें लिप्त पाए जाने पर उम्मीदवार की परीक्षा तुरंत रद्द कर दी जाएगी। साथ ही, उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र का स्थान परीक्षा से पहले ही एक बार जाकर देख लें और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें