Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

तालाबों की सफाई और ग्रामीण खेल मैदान बनाने की पहल से गांवों की तस्वीर बदलेगी : Tarunpreet Singh Sond

May 16, 2025

तालाबों की सफाई और ग्रामीण खेल मैदान बनाने की पहल से गांवों की तस्वीर बदलेगी : Tarunpreet Singh Sond

पटियाला/राजपुरा : पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि पंजाब के गांवों में 15,000 तालाबों की सफाई और 13,000 ग्रामीण खेल के मैदान बनाने की अद्भुत पहल से गांवों की तस्वीर बदलेगी और ग्रामीणों का जीवन स्तर ऊंचा उठेगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की अक्षमता के कारण न तो गांवों के युवाओं के लिए खेल के मैदानों पर ध्यान दिया गया और न ही तालाबों की सफाई पर ध्यान दिया गया। राजपुरा ब्लाक के गांव खिजरगढ़ (बनूड़) में विधायक नीना मित्तल के साथ ग्रामीण खेल मैदान का निरीक्षण करने के अवसर पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सौंद ने कहा कि हर गांव के लिए दो स्थान बहुत खास होते हैं।

एक है गांव का खेल का मैदान और दूसरा है गांव का तालाब। इन दोनों से गांव की समृद्धि और युवावस्था के बारे में जाना जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पंजाब के सभी गांवों में खेल के मैदान बनाने या मौजूदा खेल के मैदानों को अपग्रेड करने का लक्ष्य रखा है और पूरे पंजाब के तालाबों की सफाई का काम अपने हाथ में लिया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पुनरोद्धार मिशन के तहत पंजाब सरकार राज्य भर के गांवों में 13000 से अधिक खेल के मैदानों का निर्माण या अपग्रेड कर रही है। ग्रामीण खेल मैदान योजना सभी 154 ब्लॉकों में क्रियान्वित की जा रही है। गांवों की सूरत बदलने के लिए 3,500 करोड़ रुपए के बजट कोष के साथ-साथ मनरेगा और वित्त आयोग अनुदान जैसी योजनाओं का उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि पंजाब भर में 3,000 मॉडल खेल के मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। राज्य में 4300 मौजूदा खेल के मैदानों को भी अपग्रेड किया जा रहा है तथा कई गांवों में नये खेल के मैदानों का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बाद तरुणप्रीत सिंह सौंद ने अजीजपुर, फरीदपुर गुजरां, भटेरी, नलास खुर्द और मानकपुर गांवों के खेल के मैदानों और तालाबों की सफाई का भी जायजा लिया।

अजीजपुर स्टेडियम के काम की समीक्षा करते हुए उन्होंने कुछ कमियों को गंभीरता से लिया और एडीसी पटियाला को इस पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में 15,000 ग्रामीण तालाबों का पुनरुद्धार ग्रामीण परिवर्तन में एक नया अध्याय जोड़ेगा। पंजाब सरकार ने 15,000 से अधिक गांवों के तालाबों के पानी को साफ करने, पुनर्जीवित करने और उपचारित करने के लिए अपनी तरह का पहला मिशन शुरू किया है। यह मिशन पंजाब के 154 ब्लॉकों में चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फील्ड रिपोर्ट के अनुसार 1,587 तालाबों में पानी निकासी का काम पूरा हो चुका है तथा 4,408 तालाबों में काम चल रहा है। सभी तालाबों से पानी निकालने का कार्य 30 मई 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 515 से अधिक तालाबों से गाद निकालने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है तथा 1901 तालाबों में यह कार्य चल रहा है। सौंद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम चरण में 5000 थापर/सीचेवाल मॉडल का निर्माण किया जा रहा है। उनके साथ एडीसी ग्रामीण विकास अमरिंदर सिंह टिवाना, एसडीएम राजपुरा अविकेश गुप्ता, बीडीपीओ बनदीप सिंह गिल व गांवों के सरपंच व अन्य उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- लुधियाना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हत्याकांड में 4 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें