
हरियाणा के सोनीपत में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला सोनीपत बस स्टैंड का है। जहां एक युवक का शव बुरी तरह खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को बुरी तरफ लाठी–डंडों से पीट रहा है।
आरोपी युवक की हत्या करने के बाद फरार हो गया। रात भर शव बस स्टैंड पर यूंही पड़ा रहा। जब सुबह कर्मचारी बस स्टैंड पर पहुंचे तो शव को जमीन पर पड़ा देख दंग रह गए। जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बस स्टैंड पहुंची और जांच में जुट गई।
घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की तो पाया कि एक व्यक्ति रात 11:55 पर लाठी से दूसरे व्यक्ति को पीट रहा है। आरोपी युवक को लगातार पीटता रहा। कुछ देर बाद जब युवक की मौत हो गई तो आरोपी मौके से भाग गया।
हालांकि अभी तो आरोपी और मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों की पहचान में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने सीसीटीवी को भी कब्जे में लिया है। जांच जारी है।
कार्रवाई के लिए कई पुलिस टीम गठित कर जांच के जा रही है। ताकि आरोपी पकड़ा जा सके। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम भी जांच कर रही है। साथ ही कुछ साक्ष्य आदि जुटाए भी गए है।