Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘भारत के खतरे को हल्के में न ले पाकिस्तान’, PAK पत्रकार की शहबाज सरकार को सलाह

May 16, 2025

‘भारत के खतरे को हल्के में न ले पाकिस्तान’, PAK पत्रकार की शहबाज सरकार को सलाह

नेशनल डेस्क: पहलगाम में आतंकी हमला और उसके बाद भारत की कड़ी जवाबी कार्रवाई ने पाकिस्तान को बुरी तरह झकझोर दिया है। अब पाकिस्तान के मीडिया में भी भारत की कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पाकिस्तान के एक वरिष्ठ पत्रकार ने शहबाज सरकार को सलाह देते हुए कहा है कि वह भारत के खतरे को हल्के में न ले।

पाकिस्तानी मीडिया का कबूलनामा
‘डॉन’ अखबार में एक वरिष्ठ पत्रकार ने लिखा है कि पाकिस्तान को अब अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत करना होगा। पाकिस्तान इस (भारत) के खतरे को हल्के में नहीं ले सकता। उन्होंने 2022 में चीन से खरीदे गए J-10 फाइटर जेट के फैसले को भी सही ठहराया है। पहले इस खरीद की काफी आलोचना हुई थी क्योंकि पाकिस्तान की आर्थिक हालत बहुत खराब थी। लेकिन अब उन्हें लगता है कि भारत के खतरे को देखते हुए ये फैसला जरूरी था। लेख में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान को वित्त वर्ष 2026 के बजट में रक्षा खर्च बढ़ाना चाहिए और खाली हुए हथियारों का भंडार दोबारा भरना होगा।

पाकिस्तान के मंत्री फैला रहे झूठी खबरें
जहां मीडिया सच बता रहा है, वहीं पाकिस्तान के कुछ नेता अपनी हार को छुपाने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तानी उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने संसद में दावा किया कि ब्रिटेन के अखबार ‘टेलीग्राफ’ ने पाकिस्तान की वायुसेना को ‘आसमान का बेताज बादशाह’ बताया है। लेकिन जल्द ही उनके ही देश के अखबार ‘डॉन’ ने इस खबर का फैक्ट चेक किया और बताया कि ये एक AI से बनाई गई फेक न्यूज थी, जिसे झूठे दावे के लिए फैलाया गया।

पहलगाम हमले के बाद भारत का करारा जवाब
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बढ़ गया था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए और उनके ठिकाने तबाह हो गए थे। भारत की इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया था। भारत के एयरस्ट्राइक के जवाब में पाकिस्तान के हमलों को भी भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया था।

ये भी पढ़ें: भारत और चीन में एयर कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा, इंडिगो ने कोलकाता-शंघाई के बीच नॉन-स्टॉप उड़ान की शुरू

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें